Gondia Passenger Facilities: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 8 सितंबर को दुर्ग- गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन में संरक्षा मानकों की समीक्षा करने के साथ-साथ रेलखंड, स्टेशन व यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना रहा।
महाप्रबंधक द्वारा दुर्ग से ट्रेन क्र.22619 तिरुनेलवेली सुपर फास्ट एक्सप्रेस से विंडो ट्रेलिंग निरिक्षण करते हुए दोपहर 12.43 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचे। इस दौरान नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
गोंदिया पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने गोंदिया स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, यात्री आवागमन तथा संरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा व संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पश्चात महाप्रबंधक विदर्भ एक्सप्रेस से गोंदिया से नागपुर के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान उन्होंने गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पथ, ट्रैक के आसपास की स्थिति, पुलों, समपारों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों व परिचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया गया। महाप्रबंधक ने रेलखंड की स्थिति व संरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सुधारात्मक क कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने महाप्रबंधक को मंडल में सुरक्षा व यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
गोंदिया स्टेशन पर महाप्रबंधक ने रेल परामर्शदात्री सहयोग समिति के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चर्चा की। समिति के प्रतिनिधियों ने गोंदिया व आसपास के क्षेत्रों से संबंधित यात्री सुविधाओं, रेल सेवाओं तथा यात्रियों की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषय व सुझाव व मांग पत्र महाप्रबंधक के समक्ष रखे। महाप्रबंधक ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई व विभिन्न मांगों की संभावनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।