Gondia Teachers Committee: गोंदिया जिले के प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों की ओर शिक्षा विभाग द्वारा कथित रूप से की जा रही अनदेखी के विरोध में महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति ने आक्रामक रुख अपनाया है। शिक्षकों के लंबित मुद्दों पर 5 सितंबर तक सकारात्मक निर्णय लिया जाए, अन्यथा 8 सितंबर को जिप गोंदिया कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय भव्य धरना आंदोलन किया जाएगा, ऐसी चेतावनी शिक्षक समिति के जिलाध्यक्ष संदीप तिडके ने दी है। शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर 6 अप्रैल 2026 को शिक्षक समिति की ओर से अनिश्चितकालीन श्रृंखलाबद्ध अनशन आंदोलन किया गया था। उस समय प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था।
हालांकि, आश्वासन के बावजूद कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। बार-बार ज्ञापन देने, चर्चा - करने और लगातार पहल करने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप शिक्षक समिति ने लगाया है। समिति ने मांग की है कि प्राथमिक शिक्षकों को एकस्तर पदोन्नति के तहत S-14 वेतनश्रेणी लागू की जाए। 12 व 24 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों को उनकी मूल नियुक्ति तिथि से चटोपाध्याय व चयन वेतनश्रेणी का लाभ दिया जाए। साथ ही स्नातक विषय शिक्षकों को एक समान रूप से स्नातक वेतनश्रेणी का लाभ दिया जाए।
इसके अलावा पिछली चयन वेतनश्रेणी सूची से वंचित रहे 19 शिक्षकों को तत्काल चयन वेतनश्रेणी का लाभ देने, आदिवासी उपयोजना के तहत नव्य रूप से शामिल किए गए गांवों को एकस्तर वेतनश्रेणी का लाभ देने, चयन व चटोपाध्याय वेतनश्रेणी के लंबित मामलों का निपटारा करने, अपर्याप्त पाठ्यपुस्तक प्राप्त करने वाले स्कूलों को आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा शिक्षकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के प्रस्तावों का तत्काल निपटारा करने की मांग की गई है। साथ ही लंबित सेवा सातत्य के मामलों को भी शीघ्र निपटाने की मांग की गई है।
शिक्षकों की हक की वेतनश्रेणी, आर्थिक लाभ, सेवा संबंधी मामलों और स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर तत्काल निर्णय लिया जाना आवश्यक है।इन मांगों को लेकर जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी, मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी तथा जिप शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शिक्षक समिति के पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित थे।
अलावा शालेय पोषण आहार योजना के तहत FSSAI पंजीकरण अनिवार्य नहीं करने की मांग भी की गई है। शिक्षक समिति ने कहा कि शिक्षकों के मुद्दों को लेकर बार-बार ज्ञापन देने, चर्चा करने और प्रशासन से आश्वासन लेने के बावजूद यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो अब केवल आश्वासनों पर संतोष नहीं किया जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति गोंदिया जिलाध्यक्ष संदीप तिडके ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों की लंबित मांगों का समाधान कर जिप के शिक्षकों को शिक्षक दिवस का उपहार दे। 5 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 8 सितंबर को जिप के समक्ष भव्य धरना आंदोलन किया जाएगा। शिक्षकों के अधिकारों के लिए संवैधानिक व लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।