Gondia Tractor Protest: धान उत्पादक किसानों को धान बोनस देने, कृषि पंपों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने तथा पात्र होने के बावजूद लाडली बहिन योजना के लाभ से वंचित महिलाओं को आर्थिक सहायता दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर प्रहार संगठन की ओर से मंगलवार को ट्रैक्टर मोर्चा निकाला गया। तिरोड़ा तहसील के नवेझरी से शुरू हुआ यह मोर्चा गोंदिया स्थित जिलाधीश कार्यालय पहुंचा। संगठन के जिलाध्यक्ष महेंद्र भांडारकर के नेतृत्व में निकाले गए मोर्चे में किसानों, महिलाओं सहित सैकड़ों नागरिक शामिल हुए।
मोर्चे में ट्रैक्टरों पर ढोल-ताशे बजाते हुए तथा भजन-गायन और ध्वनिक्षेपक के माध्यम से सरकार का ध्यान मांगों की ओर आकर्षित किया गया। इस दौरान प्रहार संगठन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान तिरोड़ा में आयोजित प्रचारसभा में किसानों को धान बोनस देने की घोषणा की गई थी। लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद किसानों को बोनस की राशि नहीं मिली है।
गोंदिया जिले के अधिकांश किसान धान की खेती पर निर्भर हैं। नापिकी, सूखा, बढ़ती उत्पादन लागत, समर्थन मूल्य और कर्जबाजारी जैसी समस्याओं से किसान आर्थिक संकट में हैं। ऐसे में धान बोनस तत्काल देने की मांग की गई। धान की फसल के लिए बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। लेकिन कृषि पंपों को सीमित अवधि के लिए बिजली मिलने से सिंचाई में किसानों को परेशानी हो रही है। इसलिए कृषि पंपों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने की मांग संगठन ने की है।
लाडली बहिन योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता कुछ महिलाओं की बंद कर दी गई है। पात्र होने के बावजूद लाभ से वंचित महिलाओं की आर्थिक सहायता तत्काल दोबारा शुरू की जाए, ऐसी मांग भी प्रहार संगठन ने की है।