Gondia UK Patent: गोंदिया के लिए गौरव की बात है कि शहर निवासी अखिलेश गुप्ता द्वारा विकसित एक अभिनव यांत्रिक प्रणाली को यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) में पेटेंट प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि उनके तकनीकी नवाचार और स्वतंत्र रूप से किए गए अनुसंधान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण मान्यता के रूप में देखी जा रही है।
अखिलेश गुप्ता ने ऐसी यांत्रिक प्रणाली (मैकेनिज्म) विकसित की है, जिसमें पहियों अथवा चक्कों की स्थिति बदलने वाली संरचनाओं का उपयोग किया गया है। इस तकनीक की मदद से बैग और ट्रॉली जैसे उपभोक्ता उत्पादों को सीढ़ियों पर बिना उठाए खींचने में सुविधा मिल सकती है, जबकि समतल फर्श पर इन्हें सामान्य तरीके से चलाया जा सकता है।
आमतौर पर भारी बैग या ट्रॉली को सीढ़ियों पर ले जाते समय उसे उठाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और यात्रियों को परेशानी होती है। अखिलेश गुप्ता द्वारा विकसित मैकेनिज्म इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एक वैकल्पिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करता है। इस प्रणाली में पहियों की स्थिति और संचालन की व्यवस्था इस प्रकार की गई है कि उत्पाद को सीढ़ियों पर खींचने में सुविधा हो तथा समतल सतह पर उसका सामान्य उपयोग भी जारी रहे।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश गुप्ता ने स्वतंत्र रूप से कार्य करते हुए नवाचार की पूरी प्रक्रिया का खर्च स्वयं वहन किया और इस तकनीक को विकसित किया। उनका उद्देश्य भविष्य में इस तकनीक पर आधारित अभिनव उपभोक्ता उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना है।
ब्रिटेन में पेटेंट प्राप्त होने के अलावा उनके अन्य पेटेंट आवेदन भी विभिन्न देशों में परीक्षण की प्रक्रिया में बताए गए हैं। इससे आने वाले समय में इस तकनीक के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपयोग और विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
अखिलेश गुप्ता की यह उपलब्धि छोटे शहरों में रहकर अपने स्तर पर शोध व नवाचार करने वाले युवाओं और प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह साबित करता है कि बेहतर विचार, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के बल पर स्थानीय स्तर से शुरू किया गया नवाचार भी वैश्विक मंच तक पहुंच सकता है।
गोंदिया के नवप्रवर्तक को ब्रिटेन में पेटेंट मिलना न केवल अखिलेश गुप्ता की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह गोंदिया के लिए भी गौरव का विषय है। उम्मीद है कि उनकी विकसित तकनीक भविष्य में व्यावसायिक रूप से उपयोगी उपभोक्ता उत्पादों का रूप लेकर आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करने में सहायक बनेगी।