Gadchroli Action Against Fake Seeds And Fertilizer: खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक समय पर तथा उचित दरों पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने निर्देश दिए हैं कि एमआरपी से अधिक कीमत पर बीज या उर्वरक बेचनेवाले विक्रेताओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं तथा उनके लाइसेंस भी रद्द किए जाएं, जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित "कृषि आदान उपलब्धता एवं गुणवत्ता नियंत्रण" विषयक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी प्रीति हिरलकर, कृषि विकास अधिकारी किरण खोमणे, गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक, कृषि विभाग के अधिकारी, बीज एवं उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि तथा डीलर्स एवं रिटेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि गड़चिरोली जिले की प्रमुख फसल धान है और अधिकांश किसान खरीफ सीजन पर निर्भर हैं, ऐसे में किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए जिला एवं तहसील स्तर पर गठित उड़नदस्तों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। यदि कोई विक्रेता छपी हुई अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) से अधिक दर पर बिक्री करता है या कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- मुंबई और मीरा भाईंदर में गहराया जल संकट; निर्माण कार्यों और स्विमिंग पूलों की पानी आपूर्ति पर लगी रोक