Jafrabad Gram Panchayat: गड़चिरोली जिले के सिरोंचा तहसील के जाफ्राबाद ग्राम पंचायत की कचरा संग्रहण घंटागाड़ी पिछले तीन महीनों से बंद पड़ी है। इसके चलते गांव में कचरा संग्रहण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर सवाल खड़ा होने के चलते भाकपा ने सरकार के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए पंचायत समिति सिरोंचा ने 10 अगस्त को जांच समिति गठित कर प्रत्यक्ष जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों की ओर से जल्द ही घंटागाड़ी शुरू कर नियमित रूप से कचरा संग्रहण करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन इसे एक पखवाडा बितने के बावजूद अबतक घंटागाड़ी अब तक शुरू नहीं हुई है।
जांच समिति के आदेश के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। गांव के नागरिक लगातार कचरा संग्रहण के लिए घंटागाड़ी शुरू करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से आखिर क्या कार्रवाई की जा रही है, यह सवाल नागरिकों द्वारा उठाया जा रहा है। जांच समिति के आदेश का वास्तव में पालन हुआ है या केवल कागजी कार्रवाई तक ही मामला सीमित रहा, इसको लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है।
आदेश के बाद भी घंटागाड़ी शुरू नहीं हुई, फिर जांच का क्या फायदा? ऐसा सवाल ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान भाकपा पदाधिकारयों ने मांग की है कि घंटागाड़ी तत्काल शुरू कर गांव में नियमित रूप से कचरा उठाया जाए। साथ ही पिछले 3 महीनों से घंटागाड़ी बंद रहने के कारणों, इस दौरान हुए खर्च तथा इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।