Gadchiroli College Freshers Party: दंडकारण्य शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक विकास संशोधन संस्था, गड़चिरोली द्वारा संचालित श्री गोविंदराव मुनघाटे कला व विज्ञान महाविद्यालय में इंडक्शन विभाग तथा स्पिक मैके के संयुक्त तत्वावधान में नये विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डा. राजाभाऊ मुनघाटे ने की। इस अवसर पर उपप्राचार्य पी. एस. खोपे, उपप्राचार्य डा. अभय सालुंखे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्राचार्य डा. राजाभाऊ मुनघाटे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध निःशुल्क वाई-फाई, एनडीएल क्लब, सुसज्जित पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाएं, जिम तथा अन्य सुविधाओं का विद्यार्थियों को लाभ उठाना चाहिए।
केवल डिग्री प्राप्त करना जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि एक आदर्श विद्यार्थी व जिम्मेदार नागरिक बनकर अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेन-जी के दौर में सही और गलत के बीच अंतर समझना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय में उपस्थित रहकर प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा सहपाठियों के साथ संवाद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा पास होना कठिन नहीं है, लेकिन नियमित महाविद्यालयीन जीवन और सहशैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता से व्यक्तित्व का वास्तविक विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्र चुनने की सलाह देते हुए साइबर क्राइम के प्रति भी जागरूक किया।
उपप्राचार्य पी. एस. खोपे ने विद्यार्थियों से अनुशासन का पालन करने का आह्वान करते हुए सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। वहीं उपप्राचार्य डा. अभय सालुंखे ने बताया कि स्पिक मैके लगभग 50 वर्षों से भारतीय कला व संस्कृति के संरक्षण और प्रसार के लिए कार्यरत संस्था है।
महाविद्यालय ने संस्था के साथ करार किया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को गायन, वादन, नृत्य, अभिनय, नाटक आदि कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पिक मैके के विभिन्न उपक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर अपने व्यक्तित्व को निखारने का आह्वान किया। सभी प्राध्यापक तथा शिक्षकेतर कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों की जानकारी दी।