Highlights:
देसाईगंज के कुरखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार, 13 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे अनियंत्रित पिकअप ने सात लोगों को कुचल दिया।
हादसे में तीन लोग अति गंभीर और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
गंभीर घायलों को ब्रम्हपुरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का उपचार देसाईगंज ग्रामीण अस्पताल में जारी है।
Gadchiroli Road Accident: गड़चिरोली जिले के देसाईगंज शहर के कुरखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार, 13 नवंबर को शाम करीब 4.30 बजे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने 7 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 3 लोग अति गंभीर, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अति गंभीर घायलों को तत्काल ब्रम्हपुरी के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य 4 घायलों का देसाईगंज ग्रामीण अस्पताल में उपचार जारी है।
घायलों में देसाईगंज निवासी वसंत जोशी (32), कोकडी निवासी रामचंद्र सहारे (52), कुरखेडा तहसील के गेवर्धा निवासी आनंदेश्वर सुकारे (45), रितिक सुकारे (10), सृजल नाकाडे (9), कोकडी निवासी कृष्णा नेवारे (60), तथा देसाईगंज के हनुमान वार्ड निवासी मनोहर रायपुरे (50) का समावेश है। वसंत जोशी के सिर में गंभीर चोट आई है। अन्य दो गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें भी तत्काल ब्रम्हपुरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिकअप वाहन क्रमांक एम.एच. 35 एजे 3128 का चालक गोंदिया जिले के अर्जुनी तहसील के करंडली निवासी अतुल निलेश्वर कोडवते कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। कुरखेड़ा मार्ग से शहर में प्रवेश करने के बाद उसने रेलवे सुरंग से बजरंग कपड़ा बाजार के सामने स्थित गेट तक रास्ते में आनेवाले नागरिकों को कुचलते हुए वाहन दौड़ाया।
बताया जाता है कि एक व्यक्ति की बुलेट मोटरसाइकिल पिकअप के सामने आ जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही देसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची और चालक अतुल कोडवते को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
शहर के मुख्य मार्ग पर लगाए गए फलक और होर्डिंग्स के कारण संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नप उपाध्यक्ष नरेश विठलानी ने यातायात पुलिस को इन्हें हटाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, मार्ग पर लगे फलक नहीं हटाए जाने से इस हादसे में लापरवाही का मुद्दा भी सामने आया है। फलक हटाने में हुई कथित अनदेखी को हादसे के संभावित कारणों में से एक माना जा रहा है। इस मामले को लेकर नागरिकों में तीव्र नाराजगी व्यक्त की जा रही है।