Chhatrapati Sambhajinagar Paper Leak Protest: सरकारी नौकरी का सपना लेकर एमपीएससी की तैयारी कर रहे कुछ युवाओं ने अब प्रतियोगी परीक्षा की किताबों के साथ गणेश प्रतिमाएं भी हाथ में उठा ली हैं।
पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था के खिलाफ अनोखे तरीके से आवाज उठाते हुए छत्रपति संभाजीनगर में 3 युवाओं ने गणेश प्रतिमाओं की बिक्री का स्टॉल लगाया है जो चर्चा का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने अपने स्टॉल का नाम 'बेरोजगार गणपतिवाले' रखा है।
ऋषिकेश ठोंबरे, ज्ञानेश्वर पाटेकर और आकाश कोपनर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। तीनों रूम पार्टनर हैं।
उन्होंने जिला परिषद मैदान में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री का स्टॉल लगाया है। स्टॉल पर 'एमपीएससी, बैंकिंग, पेपर लीक' लिखा बोर्ड लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
इन युवाओं का कहना है कि सरकारी नौकरी की तैयारी, परीक्षा और उसके बाद की प्रक्रिया में कई वर्ष बीत जाते हैं। मेहनत करने के बावजूद छत्रपति संभाजीनगर पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण नौकरी का अवसर हाथ से निकल जाता है।
आर्थिक स्थिति भी कठिन है और खेती संकट में होने के कारण कमरे तथा भोजन का खर्च निकालने के लिए उन्होंने गणेश प्रतिमाएं बेचने का निर्णय लिया, ऋषिकेश ठोंबरे ने बताया कि वे वर्ष 2021 से एमपीएससी की तैयारी कर रहे है।
पेपर लीक के खिलाफ युवाओं ने आंदोलन के माध्यम से जो मुद्दे उठाए हैं, सरकार को उन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कमरे और भोजन का खर्च निकालने के लिए तीनों ने गणेश प्रतिमाओं की बिक्री शुरू की है लेकिन नौकरी की तैयारी और पढ़ाई का सिलसिला जारी रहेगा।