Mataragaon Illegal Slaughterhouse: छत्रपति संभाजीनगर जिले के खुलताबाद तहसील के माटरगांव में खेत के पत्रे के शेड में कथित तौर पर चल रहे अवैध गोवंश बूचड़खाने पर खुलताबाद पुलिस ने शुक्रवार तड़के छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई में 42 जिंदा और पांच कटे हुए अवस्था में कुल 47 गोवंश बरामद किए गए।
मौके से चार वाहन भी जब्त किए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 42 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के बाद बूचड़खाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हिस्से को प्रशासन की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया। यह जानकारी छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने दी।
पुलिस को माटरगांव में अजिम शेख के खेत परिसर में गोवंश को बांधकर उनकी कत्तल किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे परिसर में घेराबंदी की। पत्रे के शेड में छापा मारने पर कुछ लोग गोवंश की कत्तल कर मांस के टुकड़े करते हुए मिले। पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजिम बाबू शेख (36), मोईन रज्जाक कुरेशी (45), अनिस अजिज कुरेशी और वाजीद अजिज कुरेशी के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ खुलताबाद पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में बरामद 42 जिंदा गोवंश को गोशाला भेज दिया गया। वहीं, नायब तहसीलदार, मंडल अधिकारी और ग्राम पंचायत के अधिकारियों की निगरानी में बूचड़खाने के हिस्से को जमीनदोज किया गया।
गोवंश तस्करी के खिलाफ सिल्लोड में भी पुलिस ने कार्रवाई की। सिल्लोड शहर पुलिस ने 9 सितंबर को ईदगाह कमान के पास नाकाबंदी के दौरान 28 बैलों को ले जा रहे कंटेनर को पकड़ा। एमएच-46-बीबी-2052 नंबर के कंटेनर में बैलों को छोटी रस्सियों से बेहद कम जगह में बांधकर रखा गया था। उनके लिए चारे और पानी की भी व्यवस्था नहीं थी।
पुलिस ने सभी 28 बैलों को मुक्त कराकर गोशाला भेज दिया। कंटेनर समेत 34 लाख 85 हजार रुपए का माल जब्त किया गया। मामले में चालक शेख शगिर शेख शब्बीर (47) को हिरासत में लिया गया है। वहीं, सय्यद मुख्तार सय्यद हबीब और सद्दामखान मुस्ताक खान फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
ग्रामीण पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से 11 सितंबर तक गोवंश तस्करी, अवैध कत्तल और गोमांस से जुड़े 150 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 300 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की विभिन्न कार्रवाइयों में 798 गोवंश को मुक्त कराया गया। इसके अलावा 24,264 किलो गोमांस और 114 वाहन जब्त किए गए। जब्त किए गए कुल माल की कीमत 5 करोड़ 59 लाख 22 हजार 715 रुपए बताई गई है। पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने कहा कि गोवंश तस्करी, अवैध कत्तल और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।