Ch.Sambhajinagar Bjp Satish Chavan Election: महाराष्ट्र विधान परिषद की छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ मराठवाड़ा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। मतदाता सूची में बदलाव के बाद इस बार चुनावी समीकरण भी बदलने की चर्चा है।
छत्रपति संभाजीनगर महाराष्ट्र विधान परिषद की छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही मराठवाड़ा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव में 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए 2026 की अंतिम मतदाता सूची भी उपलब्ध है।
इस सीट से राकांपा (अजित पवार) के सदस्य सतीश चव्हाण का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा की ओर से पूर्व विधायक संजय केणेकर, कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व शिक्षाधिकारी एम. के. देशमुख और किरण पाटील के नाम इच्छुकों के रूप में चर्चा में हैं। वहीं महाविकास आघाड़ी की ओर से भी संभावित उम्मीदवार को लेकर मंथन शुरू होने की बात कही जा रही है।
इस बार मतदाता सूची में नए पंजीयन और बदलाव के कारण चुनावी आंकड़ों में भी परिवर्तन हुआ है। अंतिम मतदाता सूची में 2 लाख 88 हजार 387 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 9,938 नए मतदाताओं के पंजीयन से कुल मतदाता संख्या 2.98 लाख से अधिक होने की जानकारी दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूचियां जिलेवार उपलब्ध हैं।
स्नातक मतदाताओं के बीच इस चुनाव में पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों के साथ बेरोजगारी, सरकारी भर्ती, प्रतियोगी परीक्षाएं, शिक्षा व्यवस्था, औद्योगिक रोजगार और युवाओं का पलायन जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहने की संभावना है। स्थानीय समस्याओं और स्नातक मतदाताओं की अपेक्षाओं को उम्मीदवार अपने प्रचार में किस तरह उठाते हैं, इस पर भी नजर रहेगी।
चुनाव को लेकर संभागीय आयुक्त कार्यालय की ओर से आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम और आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के संभागीय अध्यक्षों और सचिवों की बैठक 23 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में आठों जिलों की चुनाव तैयारियों, आचार संहिता, चुनाव प्रबंधन और प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।