विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत व अन्य (फोटो नवभारत)
छत्रपति संभाजीनगर

विकसित महाराष्ट्र 2047 के लिए मराठवाड़ा का बनेगा नया विकास खाका, विभागीय आयुक्त ने दिए निर्देश

Marathwada Development Plan 2047: विकसित महाराष्ट्र के लक्ष्य के तहत मराठवाड़ा के आठ जिलों में जल संरक्षण, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जिलावार योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए।

शफीउल्ला हुसैनी, आलोक उमाकृष्ण

Highlights

  • विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत ने महास्ट्राईड परियोजना की समीक्षा की।

  • बैठक छत्रपति संभाजीनगर के स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई।

  • आठ जिलों की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 पर चर्चा हुई।

  • विकास योजनाओं में AI और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर।

Maharashtra Vision 2047: विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए मराठवाड़ा के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। क्षेत्र के प्रत्येक जिले की विशेषताओं, उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण, पर्यटन विकास तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का प्रभावी नियोजन किया जाए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए उनके क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह निर्देश विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत ने दिए।

महास्ट्राईड (महाराष्ट्र स्ट्रेंथनिंग इंस्टीट्यूशनल कैपेबिलिटीज इन डिस्ट्रिक्ट्स फॉर इनेबलिंग ग्रोथ) परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए स्मार्ट सिटी कार्यालय में विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत की अध्यक्षता में विभागस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें परियोजना संचालक अमन मित्तल, विश्व बैंक की कार्यदल प्रमुख नेहा गुप्ता, महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (मित्रा) के अधिकारी, मराठवाड़ा के आठों जिलों के जिला नियोजन अधिकारी, जिला सांख्यिकी अधिकारी, जिला रणनीतिक इकाई के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

स्थानीय जरूरतों के अनुसार बनेगा विकास का खाका

बैठक में जी. श्रीकांत ने कहा कि मराठवाड़ा के प्रत्येक जिले की अलग-अलग विशेषताएं और आवश्यकताएं हैं। इनका गहन अध्ययन कर मित्रा संस्था के सहयोग से जिलेवार विकास की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए। क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए जल संरक्षण और दीर्घकालीन जलापूर्ति योजनाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है। पर्यटन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के साथ नागरिकों की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के नियोजन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए। हालांकि, योजनाओं को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी उपलब्ध मानव संसाधनों के माध्यम से ही पूरी करनी होगी। इसलिए सभी संबंधित विभागों और प्रशासनिक इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इस पूरी प्रक्रिया में जिला नियोजन अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी।

आठों जिलों की विकास योजनाओं की समीक्षा

बैठक में वर्ष 2026-27 के जिला प्रोत्साहन कोष के निर्धारित मानकों के अनुसार जिलों की तैयारियों और जिलेवार आधारभूत जानकारी प्रस्तुत करने की स्थिति की समीक्षा की गई। वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 तथा जिला रणनीतिक योजना के क्रियान्वयन, अब तक हुई प्रगति और सामने आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जिला रणनीतिक इकाइयों की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता और पर्यटन स्थलों के बेहतर प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर गंतव्य प्रबंधन संगठनों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया गया।

तैयार होगा एकीकृत जिला सूचना पोर्टल

बैठक में परियोजना संचालक अमन मित्तल और विश्व बैंक की कार्यदल प्रमुख नेहा गुप्ता ने मराठवाड़ा के आठों जिलों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित एकीकृत जिला सूचना पोर्टल विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की। इसमें छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, लातूर, धाराशिव, हिंगोली और नांदेड़ जिले शामिल हैं।

इस पोर्टल के लिए जिलों में वर्तमान में उपलब्ध सूचना प्रणालियों, सरकारी अभिलेखों, आंकड़ों के स्रोतों, जिला सूचकांकों और भौगोलिक सूचना प्रणाली से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही उपलब्ध आंकड़ों में कमियों की पहचान और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के उपायों पर विचार किया गया।

जिला स्तर पर नियोजन व्यवस्था होगी मजबूत

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रत्येक जिले की जरूरतों के अनुसार विकास की प्राथमिकताएं तय हों और योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचे। इसके लिए जिला प्रशासन, नियोजन अधिकारियों, सांख्यिकी विभाग तथा संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। महास्ट्राईड परियोजना के माध्यम से जिला स्तर पर नियोजन व्यवस्था, सूचना प्रबंधन और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक सक्षम बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

26/11 Mumbai Terror Attack: देश के लिए बलिदान या साध्वी का श्राप? शहीद हेमंत करकरे की विवादों से भरी कहानी

घर की छत पर सोलर लगवाने को लेकर सरकार ले आई नया नियम, अब बैटरी लगवाना होगा जरूरी; जानें कब से लागू होगा नियम

UP Politics: बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत, इमरान मसूद को खड़गे की दो टूक नसीहत; कहा- गठबंधन होकर रहेगा

भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर Netflix को निर्देश

Exclusive: पासपोर्ट विवाद पर भड़के अभिजीत दीपके, PM की डिग्री का उठाया मुद्दा; रांका ने भी सरकार को घेरा