महाराष्ट्र चिकित्सा संस्थान विधेयक-2026 में बदलाव जरूरी, डॉ. अनुपम टाकलकर ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

IMA Amendment Demand: महाराष्ट्र के प्रस्तावित चिकित्सा संस्थान विधेयक-2026 पर IMA ने संशोधन की मांग की है। डॉ. अनुपम टाकलकर ने छोटे और ग्रामीण अस्पतालों के लिए सरल नियमों की पैरवी की।
Maharashtra Medical Institutions Bill 2026 IMA Amendment Demand
डॉ. अनुपम टाकलकर व स्वास्थ्य मंत्री प्रकाशराव आबिटकर(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 50 या उससे कम बिस्तरों वाले अस्पतालों के लिए अलग नियामक व्यवस्था की मांग।

  • पुराने अस्पतालों को वैध पंजीकरण के आधार पर राहत देने की मांग।

  • आपातकालीन सहायता देने वाले डॉक्टरों को कानूनी संरक्षण देने की मांग।

  • IMA महाराष्ट्र ने स्वास्थ्य मंत्री प्रकाशराव आबिटकर को ज्ञापन सौंपा।

Maharashtra Medical Institutions Bill 2026: मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर चिकित्सा व्यवस्था को ऐसी जटिलताओं में उलझाना उचित नहीं है, जिससे छोटे अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों में उपचार की सुविधाएं प्रभावित हों।

महाराष्ट्र सरकार के प्रस्तावित चिकित्सा संस्थान विधेयक-2026 को लेकर डॉ. अनुपम टाकलकर ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए इसकी कुछ धाराओं में संशोधन की मांग की है। डॉ. टाकलकर अध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, एकेडमी ऑफ मेडिकल स्पेशियलिटीज, महाराष्ट्र राज्य तथा सदस्य, राष्ट्रीय विधि प्रकोष्ठ, आईएमए मुख्यालय हैं।

उनका कहना है कि मरीजों के अधिकारों की रक्षा के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों के व्यावहारिक हितों का भी ध्यान रखना होगा। कानून का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना होना चाहिए, न कि अस्पतालों को बंद करने की नौबत लाना।

दो कमरों के क्लीनिक और 500 बिस्तरों के अस्पताल पर एक जैसे नियम क्यों?

डॉ. टाकलकर के अनुसार, महाराष्ट्र की स्वास्थ्य व्यवस्था केवल बड़े निजी और बहुविशेषज्ञ अस्पतालों पर निर्भर नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे अस्पताल, प्रसूति गृह, दंत चिकित्सालय, त्वचा एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों के क्लीनिक, जांच प्रयोगशालाएं और एक दिवसीय उपचार केंद्र भी लाखों मरीजों को सेवाएं देते हैं। यदि नियमों का पालन करना छोटे संस्थानों के लिए आर्थिक और प्रशासनिक रूप से कठिन हो गया, तो इसका सीधा असर आम नागरिकों की उपचार सुविधाओं पर पड़ेगा।

डॉ. टाकलकर ने विधेयक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक जैसी नियामक व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि दो कमरों वाले निजी क्लीनिक और 500 बिस्तरों वाले बड़े अस्पताल की सुविधाएं, कर्मचारी, उपकरण और उपचार की प्रकृति अलग होती है। इसलिए सभी के लिए समान बुनियादी सुरक्षा मानक तो होने चाहिए, लेकिन उन्हें पूरा करने की शर्तें संस्थान के आकार, विशेषज्ञता और जोखिम के अनुसार निर्धारित होनी चाहिए। विशेष रूप से 50 या उससे कम बिस्तरों वाले अस्पतालों के लिए सरल और अलग व्यवस्था बनाने की जरूरत है।

सरकारी अस्पताल भी सुरक्षा मानकों के दायरे में आएं

प्रस्तावित विधेयक में केंद्र और राज्य सरकार तथा स्थानीय निकायों के नियंत्रण वाली स्वास्थ्य संस्थाओं को दायरे से बाहर रखने पर भी आपत्ति जताई गई है। डॉ. टाकलकर का कहना है कि मरीज सरकारी अस्पताल में इलाज कराए या निजी अस्पताल में, उसकी सुरक्षा के बुनियादी मानक समान होने चाहिए। यदि सरकारी संस्थानों को इस कानून में शामिल करना संभव नहीं है, तो उनके लिए अलग लेकिन समान स्तर के वैधानिक सुरक्षा मानक तय किए जाने चाहिए।

पुराने अस्पतालों को दोबारा पंजीकरण की बाध्यता से मिले छूट

महाराष्ट्र में अनेक अस्पताल पिछले 20 से 40 वर्षों से मरीजों की सेवा कर रहे हैं। इन संस्थानों ने स्थानीय निकायों के लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा, जैव चिकित्सा कचरा प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण जैसे नियमों का पालन करते हुए अपनी व्यवस्था विकसित की है। ऐसे अस्पतालों को नए कानून के कारण पूरी प्रक्रिया दोबारा करने के लिए बाध्य करना उचित नहीं होगा। डॉ. टाकलकर ने पहले से प्राप्त वैध पंजीकरण को संरक्षण देने और नई व्यवस्था में संक्रमणकालीन मान्यता प्रदान करने की मांग की है। नए मानकों का पालन करने के लिए पर्याप्त समय भी मिलना चाहिए।

आपातकालीन उपचार में डॉक्टरों की जिम्मेदारी हो स्पष्ट

हर छोटे क्लीनिक में गहन चिकित्सा कक्ष, कृत्रिम श्वसन यंत्र और आपातकालीन विशेषज्ञ उपलब्ध होना संभव नहीं है। ऐसे में किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ के क्लीनिक में हृदयाघात का मरीज पहुंचने पर उससे संपूर्ण हृदय उपचार की अपेक्षा नहीं की जा सकती। डॉ. टाकलकर के अनुसार, प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता, मरीज की स्थिति स्थिर करने और विशेषज्ञ उपचार की जिम्मेदारियों में स्पष्ट अंतर होना चाहिए।

डॉक्टर अपनी उपलब्ध सुविधाओं और विशेषज्ञता के अनुसार प्राथमिक सहायता देकर मरीज को उचित अस्पताल भेज सकें। सद्भावना से दी गई आपातकालीन सहायता को कानूनी संरक्षण मिलना चाहिए। आपातकालीन उपचार में होने वाले खर्च की भरपाई के लिए भी सरकारी व्यवस्था जरूरी है।

Maharashtra Medical Institutions Bill 2026 IMA Amendment Demand
सहकारी बैंक चुनाव में MLA की दखलंदाजी! अभिजीत दीपके बोले- सब कुछ BJP ही कर रही, तो चुनाव आयोग क्या कर रहा?

निरीक्षण के नाम पर मनमानी नहीं चले

डॉ. अनुपम टाकलकर ने अस्पतालों के निरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। उनके अनुसार, निरीक्षण के लिए पूरे राज्य में एक समान डिजिटल जांच सूची और स्पष्ट मानक होने चाहिए। अधिकारियों को हर कमी के साथ संबंधित नियम का उल्लेख करना अनिवार्य हो। छोटी प्रशासनिक गलतियों और मरीजों की जान को खतरे में डालने वाली गंभीर लापरवाही को एक समान नहीं माना जाना चाहिए। मामूली गलतियों पर पहले सुधार का अवसर मिले, जबकि गंभीर उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई हो। पंजीकरण रद्द करने से पहले संबंधित संस्था को सूचना, सुनवाई और अपील का अधिकार भी मिलना चाहिए।

इलाज के खर्च में भी हो व्यावहारिक दृष्टिकोण

अस्पतालों में इलाज की दरें और संभावित खर्च सार्वजनिक करना आवश्यक है, लेकिन हर मरीज का अंतिम बिल समान नहीं हो सकता। बीमारी की गंभीरता, उपचार के दौरान आने वाली जटिलताओं, गहन चिकित्सा और उपचार की अवधि के अनुसार खर्च बदल सकता है। इसलिए प्रदर्शित दरों को अनुमानित शुल्क माना जाना चाहिए। उपचार के दौरान खर्च में बदलाव होने पर मरीज या परिजनों को जानकारी देने की व्यवस्था होनी चाहिए।

Maharashtra Medical Institutions Bill 2026 IMA Amendment Demand
महाराष्ट्र में सूखा और आपदाओं से प्रभावितों को मिलेगी मदद, BVG ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में दिए ₹1 करोड़

आईएमए ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन

डॉ. टाकलकर ने बताया कि आईएमए महाराष्ट्र ने स्वास्थ्य मंत्री प्रकाशराव आबिटकर को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर विधेयक की विभिन्न धाराओं में संशोधन के सुझाव दिए हैं। उन्होंने संयुक्त चयन समिति से मांग की है कि अंतिम निर्णय से पहले आईएमए, विशेषज्ञ संगठनों, छोटे अस्पतालों, ग्रामीण चिकित्सकों और मरीजों के प्रतिनिधियों से चर्चा की जाए। नए नियम लागू करने से पहले उनके आर्थिक प्रभाव और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले असर का अध्ययन भी सार्वजनिक किया जाए।

डॉ. टाकलकर का स्पष्ट मत है कि मरीजों के अधिकार और डॉक्टरों की सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। दोनों को साथ लेकर चलने वाला कानून ही सफल हो सकता है। महाराष्ट्र राज्य को ऐसा नियामक कानून चाहिए, जो फर्जी चिकित्सा संस्थानों पर कार्रवाई करे, मरीजों को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराए और ईमानदारी से काम करने वाले डॉक्टरों की सेवाओं में अनावश्यक बाधाएं पैदा न करे। नियमन होना चाहिए, लेकिन अनावश्यक नियंत्रण नहीं। मरीजों का हित सुरक्षित रहे और स्वास्थ्य सेवाओं का दम भी न घुटे।