संभाजीनगर नगर निगम मीटिंग में झड़प सोर्स: सोशल मीडिया
छत्रपति संभाजीनगर

छत्रपति संभाजीनगर मनपा की आमसभा में भाजपा-MIM भिड़े, राजदंड उठाने की कोशिश व धक्का-मुक्की से गरमाया सदन

Sambhajinagar Civic House Clash: छत्रपति संभाजीनगर मनपा की आमसभा में MIM नगरसेवक मोहम्मद असरार के निलंबन पर भाजपा और MIM में टकराव हुआ। नारेबाजी, धक्का-मुक्की और धरने से सदन गरमाया।

शफीउल्ला हुसैनी, मनीषा बोंदरे

Highlights

  • MIM नगरसेवक मोहम्मद असरार के निलंबन पर सदन में हंगामा।

  • भाजपा और MIM पार्षदों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति।

  • करीब दो घंटे के धरने के बाद लौटे MIM पार्षद, निलंबन वापसी की मांग पर अड़े।

Sambhajinagar Municipal Corporation Meeting Clash: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की आमसभा में अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा के दौरान भाजपा और MIM नगरसेवकों के बीच जोरदार टकराव हुआ। MIM के स्वीकृत नगरसेवक मोहम्मद असरार के निलंबन के बाद सदन में नारेबाजी, धक्का-मुक्की और राजदंड उठाने की कोशिश से माहौल तनावपूर्ण हो गया। MIM पार्षद करीब दो घंटे तक सदन के बाहर धरने पर बैठे और निलंबन वापस लेने की मांग की।

महापौर और उपमहापौर ने की अनुशासनहीनता की निंदा

छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की शुक्रवार को हुई सर्वसाधारण सभा अतिक्रमण के मुद्दे पर शुरू हुई बहस के बाद राजनीतिक टकराव का अखाड़ा बन गई। MIM के स्वीकृत नगरसेवक मोहम्मद असरार के निलंबन के फैसले से सदन में हंगामा मच गया। MIM पार्षदों ने महापौर समीर राजूरकर के निर्णय का विरोध करते हुए नारेबाजी की और पीठासीन अधिकारी के सामने रखा राजदंड उठाने का प्रयास किया। जवाब में भाजपा नगरसेवकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक सदन में तनाव और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी रही। इसके बाद MIM पार्षद बाहर धरने पर बैठ गए। लगभग दो घंटे बाद वे सदन में लौटे, लेकिन निलंबन वापस लेने की मांग पर अड़े रहे। अंत में महापौर ने राष्ट्रगीत के साथ सभा समाप्त कर दी।

मंदिर की जमीन से शुरू हुई बहस

सभा की शुरुआत में विपक्ष के नेता समीर साजिद बिल्डर ने पिसादेवी क्षेत्र के भूखंड क्रमांक 124 और 125 पर स्थित श्रीराम मंदिर मठ की जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापालिका प्रशासन ने इस मामले में अधूरी कार्रवाई की है और संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद MIM के स्वीकृत नगरसेवक मोहम्मद असरार मोहम्मद अकबर ने कृषि उपज बाजार समिति परिसर में महापालिका की खुली जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला उठाया। उन्होंने सवाल किया कि आरक्षित खुली जमीन का कब्जा अब तक प्रशासन को क्यों नहीं मिला। उनका आरोप था कि अभिन्यास में बार-बार बदलाव कर महापालिका की जमीन बेची गई।

निलंबन के बाद नारेबाजी तेज

अतिक्रमण के मुद्दे पर बहस के दौरान नगरसेवकों के व्यवहार और भाषा पर आपत्ति जताते हुए महापौर एवं पीठासीन अधिकारी समीर राजूरकर ने मोहम्मद असरार को निलंबित करने का आदेश दिया। इस फैसले के बाद MIM पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया।

भाजपा सदस्यों ने भी जवाबी नारेबाजी की। सदन में 'जय श्रीराम', 'जय भवानी', 'जय शिवाजी', 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' और 'अल्लाहु अकबर' जैसे नारे सुनाई दिए। इसी दौरान कुछ MIM नगरसेवकों ने विपक्ष के नेता समीर साजिद बिल्डर के साथ पीठासीन अधिकारी के सामने रखा राजदंड उठाने का प्रयास किया। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के सदस्य आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।

संभाजीनगर मनपा आमसभा में भाजपा और MIM में टकराव

महापौर के फैसले का उपमहापौर ने किया समर्थन

महापौर समीर राजूरकर ने निलंबन के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि कृषि उपज बाजार समिति की जमीन का मामला सभा की निर्धारित कार्यसूची में शामिल नहीं था। उनके अनुसार, इस मामले में आयुक्त स्तर पर 56 लोगों की सुनवाई हो चुकी है। संबंधित पक्षों को तीन बार अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया और जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।

उपमहापौर राजेंद्र जंजाल ने भी महापौर की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वंचित बहुजन आघाडी के नगरसेवक अफसर खान ने भी महापौर के अपमान के मामले में कार्रवाई को उचित बताया, हालांकि उन्होंने कृषि उपज बाजार समिति की जमीन पर ठोस निर्णय लेने की मांग की।

दो घंटे बाद लौटे MIM पार्षद

MIM नगरसेवक सदन से बाहर जाकर धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद विपक्ष के नेता समीर साजिद बिल्डर और अन्य पार्षद सदन में लौटे। उन्होंने निलंबन वापस लेने और अतिक्रमण के मामले में ठोस कार्रवाई की मांग दोहराई। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री अतुल सावे ने समय रहते हस्तक्षेप किया होता तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

हालांकि, निलंबन वापस लेने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। महापौर ने आगे की कार्यवाही पूरी कराई और राष्ट्रगीत के साथ सभा समाप्त कर दी। अतिक्रमण के मुद्दे से शुरू हुआ विवाद अंततः सदन के अनुशासन और सत्ता पक्ष-विपक्ष के टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया।

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत

कौन हैं अवीवा बेग, जो सोनिया गांधी की किताब से आईं सुर्खियों में? रेहान वाड्रा से है खास रिश्ता

BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR, सोनिया गांधी पर की थी टिप्पणी, BNS की धाराओं में दर्ज हुआ केस