Sambhajinagar Hotel Licence Suspended By FDA: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 19 और 20 अगस्त को विशेष जांच अभियान चलाकर कई जगहों पर कार्रवाई की।
छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक स्थित गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड होटल की रसोई में जांच के दौरान सड़ा हुआ पनीर, काला पड़ा खाना पकाने का तेल, खुले में रखा भोजन और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां मिलीं। जांच टीम के अनुसार सब्जी बनाने के लिए रखा पनीर खराब था और उससे तेज बदबू आ रही थी।
उस पर वैधता या इस्तेमाल की तारीख भी दर्ज नहीं थी। तैयार ग्रेवी और अन्य खाद्य पदार्थों पर भी तैयार करने और इस्तेमाल की अवधि की जानकारी नहीं मिली। टॉयलेट के पास सब्जियां काटी जा रही थीं, जबकि उबले नूडल्स बर्तन धोने की जगह के पास खुले में रखे थे। रसोई में मक्खियों से बचाव की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इन खामियों के बाद FDA ने होटल का FSSAI लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया।
FDA के मुताबिक संबंधित होटल पहले भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जद में आ चुका है। दिसंबर 2025 में निरीक्षण के बाद होटल को सुधार का नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अप्रैल 2026 में 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
हालिया जांच में भी गंभीर खामियां मिलने के बाद विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32(3) के तहत लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया। अधिकारियों के अनुसार खुले में भोजन रखना, खराब खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और रसोई में स्वच्छता के मानकों का पालन न करना लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
FDA ने अभियान के तहत दूध और डेयरी उत्पादों के साथ अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
इसी विशेष अभियान के दौरान मुंबई में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोलाबा के McDonald's, बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड के नोवारा, नरीमन पॉइंट के स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना समेत कुल 7 ठिकानों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। वहीं प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ अभियान में मुंबई की तीन दुकानों को सील किया गया और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 1.95 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए गए। FDA का यह विशेष अभियान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया।