Chhatrapati Sambhajinagar Ganesh Visarjan: गणेश विसर्जन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। 25 सितंबर को होने वाले गणेश विसर्जन के मद्देनजर बुधवार को मनपा और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने विसर्जन शोभायात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान मार्ग में बाधा बनने वाले अतिक्रमण, अनधिकृत केबल, बिजली की तारें, पाइप और निर्माण सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। महापौर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये, मनपा आयुक्त अमोल येडगे और पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार सहित मनपा, पुलिस तथा महावितरण के अधिकारी निरीक्षण में शामिल रहे।
अधिकारियों ने संस्थान गणपति मंदिर से राजाबाजार, शहागंज, सिटी चौक, गुलमंडी होते हुए संभाजीपेठ स्थित जिला परिषद मैदान की विसर्जन कुंड तक मुख्य शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मार्ग पर मौजूद सभी अनधिकृत केबल तत्काल हटाने, आवश्यकता के अनुसार बिजली की तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा पाइपलाइन के लिए किए गए खोदाई कार्य से बची निर्माण सामग्री, मलबा और पाइप हटाने को कहा गया। खुले पानी के वाल्व को ढकने तथा शोभायात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने संभाजीपेठ स्थित जिला परिषद मैदान, क्रीड़ा परिसर तथा शिवाजीनगर के विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया। आयुक्त अमोल येडगे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के लिए आने वाले नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के साथ आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।
गारखेड़ा क्षेत्र के क्रीड़ा परिसर में इस वर्ष पहली बार गणेश विसर्जन के लिए कुंड तैयार किया गया है। यहां पर्याप्त खुली जगह और नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी यहां विशेष व्यवस्था की गई है।
महापौर, पदाधिकारियों और आयुक्त ने क्षेत्र के नागरिकों से इस विसर्जन कुंड का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। मनपा और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विसर्जन शोभायात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।