Sambhajinagar Development Projects: छत्रपति संभाजीनगर जिले में की यातायात व्यवस्था सुधारने, ऐतिहासिक संग्रहालय के नवीनीकरण और मनपा के बिजली खर्च को कम करने के लिए राज्य सरकार से 593 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांगी गई है।
इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए गंगापुर स्थित शेतकी महामंडल की 150 एकड़ जमीन मनपा को उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने रखी गई। सोमवार को राज्येके ओबीसी विकास मंत्री अतुल सावे के नेतृत्व में मनपा के प्रमुख पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शहर की इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
सह्याद्री अतिथिगृह में हुई बैठक में महापौर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये और सभागृह नेता गोविंद केंद्रे मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकास कार्य के लिए स्वतंत्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
शहर में बढ़ते यातायात और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए चार प्रमुख सर्विस रोड विकसित करने की योजना है। इनमें बीड बायपास के दोनों ओर सर्विस रोड, जिजाऊ चौक (केंब्रिज) से एपीआई कॉर्नर तक सर्विस रोड, जलगांव रोड के एक हिस्से में सर्विस रोड तथा पैठण रोड पर मनपा सीमा तक दोनों ओर सर्विस रोड शामिल हैं।
मनपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन प्रस्तावित सड़कों के लिए जमीन खाली कराने और सड़क चौड़ीकरण का काम मनपा की ओर से किया जा चुका है। कई स्थानों पर आवश्यक तोड़फोड़ कर जमीन उपलब्ध कराई गई है। अब इन मार्गों का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 550 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
छत्रपति शिवाजी महाराज पुराणवस्तू संग्रहालय के नवीनीकरण का निर्णय मनपा ने लिया है। परियोजना के लिए कुछ राशि जिला नियोजन समिति के माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना है।
इसके अलावा 43 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार से उपलब्ध कराने की मांग मुख्यमंत्री से की गई। नवीनीकरण के बाद संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने और शहर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को बेहतर ढंग से संरक्षित करने की योजना है।
नई जलापूर्ति योजना के संचालन में लगने वाला बिजली खर्च और शहर के पथदिवों का बिजली बिल मनपा पर बड़ा आर्थिक बोझ है। इस खर्च को कम करने के लिए मनपा सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करना चाहती है। इसके लिए गंगापुर स्थित शेतकी महामंडल की 150 एकड़ जमीन मनपा को देने की मांग की गई है।
मनपा को जमीन उपलब्ध होने पर वहां सौर ऊर्जा परियोजना विकसित करने की योजना है। इससे भविष्य में जलापूर्ति योजना और पथदिवों से संबंधित बिजली खर्च कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सर्विस रोड के लिए निधि की मांग को लेकर स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये इससे पहले मंत्री अतुल सावे के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद महापौर समीर राजूरकर ने नई जलापूर्ति योजना की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री से अलग मुलाकात की थी। सोमवार को तीसरी बैठक में महापौर, उपमहापौर, स्थायी समिति सभापति और सभागृह नेता एक साथ मुख्यमंत्री से मिले।
बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रत्येक परियोजना के लिए स्वतंत्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद मनपा प्रशासन को चार सर्विस रोड, संग्रहालय नवीनीकरण और सौर ऊर्जा परियोजना के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सरकार की मंजूरी और निधि उपलब्ध होने के बाद इन विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।