Rajura Congress Protest: किसानों, खेत मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, बेरोजगारों और आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने राजुरा में भाजपा सरकार के खिलाफ भव्य जनआक्रोश मोर्चा निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुभाष धोटे के नेतृत्व में निकले मोर्चे में करीब 5 हजार किसान, महिला, युवा और नागरिक शामिल हुए। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हनमंत पवार तथा सांसद प्रतिभा धानोरकर प्रमुख रूप से उपस्थित थी।
सुबह 11 बजे भवानी माता मंदिर से शुरू हुआ मोर्चा तहसील कार्यालय पहुंचा। हाथों में विभिन्न मांगों के फलक और सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उपविभागीय अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल, राष्ट्रपति और जिलाधिकारी को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर प्रतिमा को पुष्पहार अर्पित कर सभा आयोजित की गई।
कांग्रेस ने राजुरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को तत्काल फसल नुकसान मुआवजा व कर्जमाफी देने, राज्य में सूखा घोषित करने, कृषि उपज को कानूनी गारंटी मूल्य देने तथा खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने की मांग की।
जिवती के सातबारा व फार्मर आईडी की समस्याएं दूर करने, राजुरा, कोरपना, जिवती व गोंडपिपरी के किसानों को स्थायी पट्टे देने और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग भी की गई।
लाडली बहना योजना का पोर्टल दोबारा शुरू कर हटाई गई महिलाओं को लाभ देने तथा नई पंजीयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। महिलाओं पर एनसीएमसी कार्ड की अनिवार्यता रोकने, निराधारों को नियमित आर्थिक सहायता देने और स्मार्ट मीटर के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बंद करने की मांग भी उठी।
खराब ग्रामीण व शहरी सड़कों की तत्काल मरम्मत, लंबित आवास व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, पेपर लीक पर रोक, स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार तथा गैस, पेट्रोल-डीजल व आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से राहत देने की मांग की गई।
ई-20 पेट्रोल बंद करने, ओबीसी की जातिवार जनगणना में स्वतंत्र नोंद करने तथा ओबीसी, एससी और एसटी के लिए निर्धारित निधि अन्य कार्यों पर खर्च नहीं करने की मांग भी रखी गई। मोर्चे में नगराध्यक्ष अरुण धोटे, विजय बावणे, शंतनू धोटे, एड। कुदा जेनेकर, विनोद दत्तात्रय, प्रमोद बोरीकर, दीपक वाढई, अल्का वाढई, दीप्ती सोनटक्के, राजू रेड्डी, संजय मेढी, देवेंद्र आर्या, अशोकराव बावणे, तिरुपति इंदूरवार, उत्तमराव पैचे, रंजन लांडे, डॉ. अंकुश गोलावले सहित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कांग्रेस प्रवक्ता हनमंत पवार ने कहा कि किसान, महिलाएं, युवा और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से परेशान है। सरकार को जनता की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। पूर्व विधायक सुभाष घोटे ने कहा कि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन और तेज करेगी, सांसद प्रतिभा धानोरकर ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी समस्याएं सामने ला रहे हैं। फसल नुकसान, कर्जमाफी, रोजगार, सड़क, आवास और सामाजिक सुरक्षा के प्रश्नों का तत्काल समाधान होना चाहिए।