Chandrapur Municipal Corporation PM e-Bus Scheme: चंद्रपुर केंद्र सरकार की पीएम ई-बस योजना के तहत चंद्रपुर शहर के लिए मंजूर 50 पर्यावरण अनुकूल और AC ई-बसों में से पहले चरण में 30 बसें जल्द ही नागरिकों की सेवा में शामिल होंगी। महानगरपालिका प्रशासन ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। कई वर्षों के इंतजार के बाद चंद्रपुरवासियों को आधुनिक, प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित सिटी बस सेवा मिलने जा रही है।
इस सेवा का लाभ केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चंद्रपुर से 25 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के नागरिकों को भी मिलेगा। चंद्रपुर शहर और औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए महानगरपालिका ने केंद्र सरकार के समक्ष प्रदूषण मुक्त ई-बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था। अगस्त 2023 में राज्य सरकार ने इस केंद्र प्रायोजित योजना को मंजूरी दी थी।
तीन लाख या उससे अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में चंद्रपुर को शामिल करते हुए केंद्र सरकार ने 50 ई- बसों के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी है। किफायती व सुरक्षित परिवहन मनपा प्रशासन के अनुसार, इस सेवा के शुरू होने से नागरिकों को किफायती दरों पर वातानुकूलित और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
इस परियोजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में यातायात जाम और प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए 30 बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। इसके बाद दूसरे चरण में शेष 20 बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा। इन बसों के संचालन के लिए सरकार की ओर से प्रति किलोमीटर 25 रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत चंद्रपुर से बल्लारपुर, चंद्रपुर से भद्रावती, चंद्रपुर से घुग्घुस, बामणी, आरवट-चारवट तथा मूल मार्ग के चिचपल्ली तक बसें संचालित की जाएंगी।
यह भी पढ़ें:-जब तक न्याय नहीं, तब तक बाहर जाना बंद! बीज धोखाधड़ी के खिलाफ NCP का अकोला में जोरदार आंदोलन