And Laser Light Ban In Chandrapur: चंद्रपुर जिले की सामाजिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव की परंपरा को कायम रखते हुए आगामी ईद, जन्माष्टमी, रक्षाबंधन, पोला और गणेशोत्सव सहित सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में मनाएं।
गणेशोत्सव को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाते हुए स्वच्छता, निर्माल्य प्रबंधन और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यह आह्वान जिलाधिकारी वसुमना पंत ने किया। वे शुक्रवार को नियोजन भवन में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं।
गणेशोत्सव के दौरान महानगरपालिका, नगर परिषद, नगर पंचायतों और गणेश मंडलों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। निर्माल्य और अन्य कचरे का अलग-अलग संकलन करने की व्यवस्था करने को कहा गया।
मनपा क्षेत्र में घोषित साइलेंट जोन में ध्वनि प्रदूषण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी एसडीपीओ और पुलिस निरीक्षकों को संबंधित नगर परिषदों के साथ समन्वय कर तहसील स्तर पर साइलेंट जोन निश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी नोपानी ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री और अफवाहों पर नजर रखने के लिए साइबर टीम 24 घंटे, सातों दिन सक्रिय रहेगी।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन के समक्ष विभिन्न सुझाव रखे। इनमें विसर्जन की उचित व्यवस्था, भूमिगत गटर के कार्यों से सड़कों पर यातायात बाधित न होने देना, डीजे के इस्तेमाल से बचना, गांव स्तर पर पुख्ता पुलिस बंदोबस्त, अफवाहों पर विश्वास न करना और उन्हें आगे न फैलाना प्रमुख रहे।
जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने कहा कि कोई भी कार्यक्रम पूर्व अनुमति के बिना आयोजित न किया जाए, मंडप या होर्डिंग लगाते समय सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण न हो और नागरिकों व यातायात को किसी तरह की बाधा न पहुंचे, इसका ध्यान रखना होगा।
उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हर गणेश मंडल को कम से कम दो सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही प्रतिमा का किसी भी तरह से विद्रूपण न हो, इसकी भी मंडलों को सावधानी बरतने को कहा।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर जिलाधिकारी डॉ. नितिन व्यवहारे, निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार, नगरपालिका प्रशासन अधिकारी डॉ. विद्या गायकवाड, मनपा उपायुक्त संजय चिद्रावार, राज्य आबकारी विभाग के अधीक्षक नितीन धार्मिक सहित उपविभागीय पुलिस अधिकारी, पुलिस निरीक्षक, शांति एवं दक्षता समिति के सदस्य, पुलिस पाटील तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।