Chandrapur Municipal Corporation Congress Disqualification: चंद्रपुर जिले में 2 गुटों में विभाजित कांग्रेस में पनप रहा विवाद और अंतर्कलह अब चरम पर पहुंच गया है। इस विवाद ने उस वक्त गंभीर मोड़ लिया जब स्थानीय मनपा के 16 कांग्रेसी खासकर सांसद प्रतिभा धानोरकर समर्थित पार्षदों को अयोग्यता के नोटिस जारी हो गए हैं। मनपा के विवादित कांग्रेसी गुटनेता राजेश अडूर द्वारा आमंत्रित बैठक में अनुपस्थिति दर्शाने के आरोप में नागपुर संभागीय सहआयुक्त रविन्द्र भेल ने ये नोटिस जारी किए हैं।
जिन्हें ये नोटिस जारी हुए हैं, उन्हें नागपुर में संभागीय आयुक्त कार्यालय में 22 जुलाई को अपना स्पष्टीकरण देने के लिए हाजिर होने के निर्देश दिए गए हैं। इस नाटकीय मोड़ से अब जिले में कांग्रेसी खेमों में खलबली मच गई है। उल्लेखनीय है कि, स्थानीय मनपा में कांग्रेस के कुल 27 पार्षद हैं जो कांग्रेसी सांसद प्रतिभा धानोरकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधायक विजय वडेट्टीवार के खेमों में बंटे हुए हैं।
माना जा रहा है कि वडेट्टीवार के ग्रुप में 11 पार्षद हैं, जबकि सांसद धानोरकर के ग्रुप में 16 पार्षद हैं। इससे पहले कांग्रेसी गुटनेता को लेकर चल रहे विवाद की पृष्ठभूमि पर गुटनेता अडूर ने 15 जून को कांग्रेसी पार्षदों की एक बैठक बुलाई थी, इस बैठक में सांसद प्रतिभा धानोरकर समर्थित कांग्रेस के 16 पार्षद अनुपस्थित रहे थे। इसी आधार पर अडूर ने महाराष्ट्र लोकल अथॉरिटीज मेंबर्स डिसक्वालिफिकेशन एक्ट, 1986 के तहत कांग्रेस के 16 पार्षदों के खिलाफ संभागीय आयुक्त के पास एक याचिका दायर की थी।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, 82% से अधिक प्रपत्र वितरित, 63 बीएलओ सम्मानित
इसी के तहत संभागीय आयुक्त ने अब कांग्रेस के 16 पार्षदों को अयोग्यता का 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया है। जिन कांग्रेसी पार्षदों के खिलाफ ये नोटिस जारी हुए हैं, उनमें सुरेन्द्र अडबाले, संगीता भोयर, संगीता अमृतकर, राहुल घोटेकर, वैशाली महाडोले, धनश्री मेश्राम, राहुल चौधरी, सुनंदा धोबे, रामनरेश यादव, शाहिदा ताजू शेख, अजय बल्की, सुनील खंडेलवाल, आकाश मानकर, महानंदा वालके, करुणा चालखुरे और शिला सिडाम का समावेश है।
इसके साथ ही अडूर ने महिला पार्षद धनश्री केशव मेश्राम की अयोग्यता को लेकर स्वतंत्र रूप से याचिका दायर की है। जिनके खिलाफ ये नोटिस जारी हुए हैं, उन्हें 22 जुलाई को दोपहर 12.30 बजे नागपुर में होने वाली सुनवाई में पेश होने का निर्देश दिया गया है।