अपहरण प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मिडिया)  
चंद्रपुर

चंद्रपुर में एक दिन में 3 नाबालिग लापता, पुलिस अलर्ट; अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप

Child Trafficking: चंद्रपुर में एक ही दिन में 3 नाबालिग बच्चे लापता। रामनगर, राजुरा और दुर्गापुर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश तेज की; अभिभावकों में डर का माहौल।

केतकी मोडक

Chandrapur Missing Children Case: चंद्रपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और अभिभावकों की नींद उड़ाने वाली खबर सामने आ रही है। जिले में नाबालिग बच्चों के अचानक गायब होने की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को महज कुछ ही घंटों के भीतर जिले के तीन अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों से तीन मासूम बच्चों के रहस्यमय तरीके से लापता होने से पूरे प्रशासनिक अमले और नागरिकों में हड़कंप मच गया है।

प्राथमिक कयासों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि किसी अंतर-जिला गिरोह या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा इन बच्चों को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय पालकों में भारी दहशत का माहौल है।

मामला 1: रामनगर से 16 वर्षीय लड़का लापता

लापता होने की पहली सनसनीखेज घटना रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज की गई। यहां का रहने वाला एक १६ वर्षीय नाबालिग लड़का शुक्रवार को अचानक अपने घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गया। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी सहेलियों, दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां संभावित ठिकानों पर रातभर तलाश की। जब लड़के का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो बदहवास परिजन रामनगर थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला 2: राजुरा में 13 साल की मासूम गायब

दूसरी दुखद घटना राजुरा पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां महज १३ वर्ष ३ महीने की एक मासूम बच्ची दोपहर के समय अचानक अपने घर से गायब हो गई। दिनदहाड़े बच्ची के इस तरह लापता होने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिजनों ने अपनी तरफ से हर संभव जगह ढूंढने के बाद राजुरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज किया है। इस संवेदनशील केस की कमान पुलिस हवलदार विनोद कोरवते को सौंपी गई है, जो संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं।

मामला 3: दुर्गापुर में  15 साल की किशोरी गायब

तीसरी डरा देने वाली घटना दुर्गापुर पुलिस थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली एक १५ वर्षीय किशोरी शुक्रवार सुबह रोज की तरह अपनी पीठ पर स्कूल बैग टांगकर घर से निकली थी। शाम ढलने के बाद भी जब वह स्कूल से घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने स्कूल और उसकी सहेलियों से संपर्क किया, जहां पता चला कि वह स्कूल के बाद से ही लापता है।

इस घटना ने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। दुर्गापुर पुलिस ने भी इस मामले में अपहरण का केस दर्ज कर नाकाबंदी शुरू कर दी है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी की तस्वीरें

एक ही दिन में तीन नाबालिगों के गायब होने से चंद्रपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर तीनों थानों की टीमें आपस में समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। रेलवे स्टेशनों, बस डिपो और जिला सीमाओं पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इन तीनों घटनाओं के पीछे कोई एक ही रैकेट सक्रिय है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि या इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

PM मोदी के जन्मदिन पर CJP ने जलाया आशीर्वाद का दीया, आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री को दिया अल्टीमेटम

PM Narendra Modi Birthday Live: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्ज मेलोनी ने PM मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

UPI चार्ज पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, गौरव गोगोई ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- संसदीय समिति में नहीं हुई चर्चा

UPI पर GST की बात सिर्फ अफवाह, सरकार ने दी सफाई, कहा- MDR नियमों की कमियों को दूर करेंगे

क्या ड्रामा करने के लिए चुना है? PM मोदी के जन्मदिन के यज्ञ में शामिल हुईं रेखा गुप्ता, VIDEO देख भड़के कॉकरोच