Chandrapur Independence Day: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों, खेत मजदूरों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनहितैषी निर्णय लिए हैं। इन योजनाओं का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिसके चलते चंद्रपुर जिला विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह प्रतिपादन राज्य के आदिवासी विकास मंत्री तथा जिले के पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य शासकीय ध्वजारोहण समारोह में वे बोल रहे थे।
इस अवसर पर महापौर संगीता खांडेकर, सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक सुधीर मुनगंटीवार, विधायक किशोर जोरगेवार, विधायक सुधाकर अडबाले, जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, महानगरपालिका आयुक्त अकुनूरी नरेश सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे। पालकमंत्री डॉ. उईके ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना का निर्णय लिया है। चंद्रपुर जिले के 23 हजार 508 किसानों के ऋण खातों में 175 करोड़ रुपये जमा हुए हैं।
साथ ही महिलाओं को किसान का दर्जा देने संबंधी विधेयक मानसून अधिवेशन में मंजूर किया गया है। अब महिलाओं को भी किसान प्रमाणपत्र मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 6 हजार 20 पाणंद सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। स्वामित्व योजना के तहत 70 हजार 980 नागरिकों को सनद वितरित की गई है, जबकि 1 हजार 203 गांवों के गांवठाणों का ड्रोन सर्वेक्षण पूरा किया गया है। इसके माध्यम से 2 लाख 12 हजार संपत्ति पत्रिकाएं तैयार की गई हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना चरण-2 के तहत जिले में 17 हजार 755 आवास, जबकि जनमन योजना के अंतर्गत 235 आवास पूर्ण किए गए हैं। रमाई, शबरी, आदिम, पारधी, पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी, मोदी आवास सहित अन्य राज्य प्रायोजित योजनाओं के माध्यम से कुल 51 हजार 378 आवासों का निर्माण पूरा किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जिले का वार्षिक ऋण लक्ष्य 10 हजार करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। पहली तिमाही में ही 4 हजार 836 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया है। इसमें किसानों को 994 करोड़ रुपये का फसल ऋण वितरित किया गया है। पालकमंत्री ने जल संरक्षण और सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 15 से 21 अगस्त तक राज्य में जल संरक्षण सप्ताह मनाया जाएगा। इसका -शुभारंभ स्वतंत्रता दिवस से किया गया है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में बड़ी संख्या में सहभागी होने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके हाथों मृदा एवं जल संरक्षण सप्ताह के लोगो का अनावरण किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके के हाथों अंगदान करने वाले संजय खाटीक और बबन आंबेकर, जिला सामान्य अस्पताल की सहायक परिचारिका उज्ज्वला सोयाम, चिकित्सा अधीक्षक मनीष सिंह, विवेक मसराम, राज्यस्तरीय किसान पुरस्कार प्राप्त अरुण केदार, लीलाराम पिदुरकर, तुलसीराम मोरे और हरिश्चंद्र कोडापे का सम्मान किया गया। इसके अलावा छात्रवृत्ति परीक्षा में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सोमाक्षी गुंडावार, वृद्धी राठी, सुमिरन सहारे और संघवी हेडावू को भी पालकमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।