चंद्रपुर की 12 तहसीलें अकालग्रस्त घोषित सोर्स: सोशल मीडिया
चंद्रपुर

चंद्रपुर की 12 तहसीलों पर अकाल की मुहर;कम बारिश से फसलें तबाह; बल्लारपुर, जिवती और ब्रम्हपुरी सूची से बाहर

Chandrapur Drought Farmer Relief: चंद्रपुर की 15 में से 12 तहसीलों को अकालग्रस्त घोषित किया गया है। सिर्फ 65% बारिश हुई है। किसानों के लिए राजस्व, बिजली और ऋण समेत कई राहत उपाय घोषित किए गए हैं।

मनीषा बोंदरे

Chandrapur Drought Declaration 2026: चंद्रपुर जिले की 15 में से 12 तहसीलों को राज्य सरकार ने अकालग्रस्त घोषित किया है। बल्लारपुर, जिवती और ब्रह्मपुरी को सूची से बाहर रखा गया है।

जिले में औसत की तुलना में अब तक सिर्फ 65 प्रतिशत बारिश हुई है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने प्रभावित किसानों को तत्काल 1 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर सहायता देने की मांग की है।

15 में से 12 तहसीलें अकालग्रस्त

चंद्रपुर, ब्यूरो. कम बारिश और फसलों पर पड़े असर को देखते हुए राज्य सरकार ने चंद्रपुर जिले की 15 में से 12 तहसीलों को अकालग्रस्त घोषित किया है। राज्य सरकार द्वारा घोषित 265 अकालग्रस्त तहसीलों की सूची में चंद्रपुर जिले की चंद्रपुर, राजुरा, गोंडपिपरी, कोरपना, मूल, सावली, सिंदेवाही, नागभीड़, चिमूर, वरोरा, भद्रावती और पोंभुर्णा तहसील शामिल हैं।

हालांकि, बल्लारपुर, जिवती और ब्रह्मपुरी तहसीलों को इस सूची में शामिल नहीं किया गया है। जिले में इस बार बारिश की कमी के कारण धान, सोयाबीन और कपास जैसी प्रमुख फसलों पर असर पड़ा है।

किसानों और विद्यार्थियों को मिलेंगी रियायतें

अकालग्रस्त घोषित तहसीलों में सरकार की ओर से विभिन्न राहत उपाय लागू किए जाएंगे। इनमें जमीन के राजस्व में छूट, फसल ऋण का पुनर्गठन, कृषि पंपों के बिजली बिल में राहत और कृषि पंपों की बिजली आपूर्ति खंडित नहीं करने जैसे उपाय शामिल हैं।

इसके अलावा स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क में माफी, रोजगार गारंटी योजना के कामों के मापदंडों में शिथिलता, जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति, खेती पर निर्भर किसानों-मजदूरों के परिवारों के लिए अनाज की उपलब्धता तथा जलसंधारण के काम शुरू करने का प्रावधान किया गया है।

जिले में अब तक सिर्फ 65% बारिश

जिले में जून से सितंबर के अंतिम सप्ताह तक औसत की तुलना में महज 65 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। सितंबर के अंतिम सप्ताह तक सामान्य 1,053 मिमी बारिश की अपेक्षा जिले में करीब 693 मिमी बारिश हुई है।

सबसे कम बारिश राजुरा तहसील में 55.4 प्रतिशत दर्ज की गई। मूल में 59.3 प्रतिशत, सिंदेवाही में 59.6 प्रतिशत, सावली में 62 प्रतिशत और नागभीड़ में 64.4 प्रतिशत बारिश हुई है। दूसरी ओर बल्लारपुर में 110 प्रतिशत, जिवती में 94.5 प्रतिशत और ब्रह्मपुरी में 83.6 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।

वडेट्टीवार ने सरकार पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता एवं विधायक विजय वडेट्टीवार ने सरकार द्वारा जारी राहत संबंधी जीआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें पुराने प्रावधानों को ही दोहराया गया है। उन्होंने प्रभावित किसानों के खातों में तत्काल 1 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर सहायता जमा करने की मांग की।

वडेट्टीवार ने ब्रह्मपुरी तहसील को भी अकालग्रस्त सूची में शामिल करने की मांग की। उन्होंने 5 अक्टूबर तक पंचनामा प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा पर भी सवाल उठाते हुए तत्काल सहायता की मांग की। साथ ही उन्होंने केवल कर्ज वसूली स्थगित करने के बजाय बिना शर्त फसल ऋण माफी और 2.5 हेक्टेयर की सीमा हटाकर वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा देने की मांग रखी।

का हो, सपा जॉइन कर लिहला का? जलभराव पर रवि किशन का तंज, BJP पार्षद बोले- आप बसपा में चले गए का?

अर्नब का कहर! यूपी में 13 की मौत, बिहार के 50 गांव जलमग्न, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

गंगा एक्सप्रेसवे पर BJP विधायक की कार का एक्सीडेंट, टायर फटने के बाद खंभे से टकराई कार; सामने आया LIVE वीडियो

पहले BJP के लिए भर्ती करते थे ज्ञानेश कुमार, राहुल गांधी ने क्यों कहा ऐसा? 2019 चुनाव से है कनेक्शन

चुनाव से पहले CM योगी ने पीएम मोदी से की मुलाकात; करीब सवा घंटे तक चुनावी मंथन, जानें क्या हुई चर्चा