FDA Commissioner IAS Tukaram Mundhe Fear: महाराष्ट्र के सख्त मिजाज IAS अफसर तुकाराम मुंढे ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर का पद संभालते ही पूरे राज्य में ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। उनकी सख्त कार्रवाई का खौफ इतना है कि उनके आने की अफवाह फैलते ही राज्य के बड़े-बड़े बाजार कुछ ही मिनटों में बंद हो जाते हैं।
बुलढाणा जिले के मेहकर तहसील के सबसे बड़े बाजार डोणगांव में सोशल मीडिया पर एक मैसेज फैलते ही पूरा बाजार कुछ ही मिनटों में बंद हो गया। इसमें लिखा था कि FDA के बॉस आ रहे हैं। इस मैसेजे के फैलते ही किराना दुकानाें, मिठाई की दुकानों, पान की गुमटियों और होटल मालिकों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कीं और वहां से भाग निकले। तुकाराम मुंढे के आदेशों के बाद FDA के ग्रामीण इलाकों में भी कार्रवाई करने से, खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वाले छोटे और बड़े व्यापारियों में डर का माहौल है। होटल, पान की गुमटियों, गुटखा और पान मसाला बेचने वाली दुकानों के साथ-साथ किराने और मिठाई की दुकानों के मालिकों सहित कई तरह के कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद करके भाग जाना ही बेहतर समझा।
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे की टीम ने खुलेआम गैर-कानूनी गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों में खौफ पैदा कर दिया है। रविवार को बीड में तेजी से यह खबर फैली कि FDA की टीम परली में छापेमारी करने वाली है। नतीजतन, बीड में ज्यादातर पान दुकानदारों ने अपने खिलाफ कोई कार्रवाई होने से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर लीं।
यह भी पढ़ें:- NEET री-एग्जाम पर एयरफोर्स का पहरा! भारतीय वायुसेना के कार्गो विमान से नागपुर पहुंचे पेपर
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की आयुक्त की कमान संभालने के बाद तुकाराम मुंढे ने राज्य में अवैध गुटखा और पान मसाला की बिक्री पर रोक लगाने के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने इस कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है, जिसमें 'महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट' (MCOCA) का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें गुटखा बनाने वालों से लेकर सड़क किनारे इसे बेचने वाले छोटे स्टॉल के मालिक तक सभी शामिल हैं। इस सख्त कदम से माफिया में हड़कंप मच गया है।