Tumsar Municipal Project Controversy: हमेशा गंभीर अपराध एवं अप्रिय घटनाओं के कारण सुर्खियों में रहने वाले तुमसर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक माह पूर्व बाजे गाजे के साथ डिंढोरा पीटते हुए लगाया गया सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क अब कुछ ही दिनों में दम तोड़ते हुए नजर आ रहा है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी गुणवत्ता कैसे होंगी।
शहर के 14 मुख्य स्थानों पर लगे 40 कैमरों में से अधिकांश तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े हैं एवं 36 लाख रुपये की यह डिजिटल सुरक्षा परियोजना अब विवादों में घिरी हुई है। फरवरी के पहले सप्ताह में विधायक राजू कारेमोरे ने स्थानीय नागरिक सेवा योजना के तहत इस प्रणाली का उद्घाटन किया था, लेकिन एक महीने के भीतर ही यह प्रणाली ठप्प हो गई है।
शहर को निगरानी से पूरी तरह जोड़ने वाली व्यवस्था ठप्प हो गई है, जिससे बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं सामने आ रही हैं। विशेष रूप से पिपरा रोड, एचडीएफसी बैंक चौक, पतंजलि रोड, शिव मंदिर क्षेत्र, बोरी रोड एवं सिहोरा मार्ग पर लगे कैमरे बंद हैं। जिन्हें अपराधियों का मुख्य मार्ग माना जाता है। वर्तमान में पुलिस स्टेशन के नियंत्रण कक्ष में केवल खाली एवं काली स्क्रीन दिखाई दे रही हैं, इससे शहर की सुरक्षा को एक बार फिर बाहरी लोगों से खतरा पैदा हो गया है।
पुलिस स्टेशन में स्थापित नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था है, लेकिन स्क्रीन पर कुछ भी दिखाई न देने से कर्मचारी निराश हैं, ठेकेदार को तकनीकी खराबी की सूचना देने के बावजूद उनकी बात अनसुनी की जा रही है एवं कहा जा रहा है कि, रखरखाव एवं मरम्मत उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। इस वजह से संवेदनशील शहर माने जाने वाले तुमसर की सुरक्षा फिलहाल असुरक्षित है एवं नागरिकों को स्वयं अपनी सुरक्षा करनी पड़ रही है।
ये भी पढे़: वैनगंगा नदी का किनारा टूटने से गांव में बाढ़ का खतरा, दोषियों पर कार्रवाई के लिए अनशन जारी
इस संदर्भ में थानेदार संजय गायकवाड द्वारा नप मुख्याधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा कि, तुमसर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में नगर परिषद के माध्यम से कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तुमसर शहर में 12 स्थानों पर कुल 40 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन लगाए गए 40 कैमरों में से केवल 16 कैमरे ही काम कर रहे हैं और शेष 24 कैमरे बंद हैं। साथ ही चूंकि 12 स्थानों पर एनवीआर और हार्ड डिस्क नहीं लगाए गए हैं। इस कारण 24 घंटे रिकॉर्डिंग करने की अपेक्षा के बावजूद रिकॉर्डिंग सेव नहीं हो रही है।