साकोली थोक सब्जी बाजार (सोर्सः सोशल मीडिया)
भंडारा

लाखों की कमाई फिर भी सुविधाएं गायब! साकोली के बाजार में गंदगी और कीचड़ से परेशानी

Sakoli Market Dirt: साकोली के एकोडी रोड स्थित सब्जी बाजार में बारिश के दौरान कीचड़, जलभराव और गंदगी से किसान व व्यापारी परेशान हैं। शौचालय, पानी और जलनिकासी की मांग।

आंचल लोखंडे

Sakoli Vegetable Market: भंडारा जिले के साकोली तहसील के एकोडी रोड स्थित थोक सब्जी बाजार और रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार की बदहाल स्थिति ने स्थानीय प्रशासन के विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बाजार से नगर परिषद को हर वर्ष लाखों रुपये की आय होती है, वहीं किसान, व्यापारी और ग्राहक पानी, शौचालय, स्वच्छता, पक्की जमीन और जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। बारिश होते ही पूरा बाजार कीचड़ और गंदगी से पट जाता है।

कोरोना काल में स्थानांतरित हुआ था बाजार

कोरोना संक्रमण के दौरान कुछ समय के लिए थोक सब्जी बाजार शंकरपट मैदान में लगाया गया था। बाद में स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के चलते इसे एकोडी रोड पर पुरानी गणेश टॉकीज के समीप स्थानांतरित किया गया। बाजार को नई जगह लाते समय व्यापारियों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। एकोडी रोड पर थोक व्यापारियों के बैठने से कई बार यातायात बाधित होने की समस्या भी सामने आती है। व्यापारियों का कहना है कि थोक बाजार को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित किया जाना चाहिए।

बारिश में दलदल बन जाता है बाजार

बाजार परिसर में पक्की जमीन और उचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। किसानों को सब्जियों से भरे वाहन लाने और माल उतारने में परेशानी होती है। चिल्लर व्यापारी और ग्राहक भी कीचड़ से होकर खरीदारी करने को मजबूर होते हैं। फिसलने की घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

शौचालय और पानी की सुविधा का अभाव

हाल ही में एकोडी रोड पर पे एंड यूज शौचालय बनाया गया है, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि बाजार परिसर में दो-तीन स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने चाहिए। साप्ताहिक बाजार में पर्याप्त शौचालय नहीं होने से कई लोगों को खुले में शौच जाना पड़ता है। इससे महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। बाजार में पानी की सुविधा भी पर्याप्त नहीं है। सब्जियों की बिक्री और सफाई दोनों के लिए पानी आवश्यक है। स्थानीय सब्जी विक्रेता शंकर लांजेवार, मुकेश मल्लानी, योगेश गोटेफोडे, उमेश वाडीभस्मे, सुधाकर वाघाडे और सुरेश करंजेकर सहित अन्य व्यापारियों ने परिसर में दो-तीन बोरवेल लगाने की मांग की है।

गंदगी के बीच घूमते हैं आवारा पशु

नियमित सफाई के अभाव में बाजार में कचरा और सड़ी-गली सब्जियां पड़ी रहती हैं। इससे सूअर, कुत्ते और अन्य आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। पशुओं से सब्जियों को नुकसान पहुंचने के साथ दुर्घटना और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है।

लाखों की आय, सुविधाएं नदारद

व्यापारियों का कहना है कि नगर परिषद को बाजार से विभिन्न शुल्कों के माध्यम से लाखों रुपये की आय होती है। ऐसे में बाजार के विकास पर भी पर्याप्त राशि खर्च होनी चाहिए। किसानों और व्यापारियों ने जमीन का समतलीकरण कर पक्का फर्श, नालियां, पर्याप्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई की मांग की है।

किसानों का कहना है कि वे खेतों में मेहनत कर सब्जियां पैदा करते हैं, लेकिन बाजार में उन्हें व्यवस्थित स्थान तक नहीं मिलता। बारिश में सब्जियां खराब होने का खतरा रहता है और व्यापारियों को अपने खर्च पर टेंट लगाकर कारोबार करना पड़ता है। नागरिकों की मांग है कि नगर परिषद बाजार का स्थायी विकास कर इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त सब्जी मंडी का स्वरूप दे।

तिरंगा बनाम वंदे मातरम्... भिड़े की रैली में पोस्टर पर विवाद, राष्ट्रगीत को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

सोनिया गांधी ने वंदे मातरम गाने से रोका...तो भड़के अमित शाह, चित्तौड़गढ़ से ललकारा, FIR हुई दर्ज- VIDEO

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोलियां; बंगाल में आशीष बनर्जी ने की आत्महत्या

15 अगस्त की सुबह लाल किला जाने से पहले किससे मिले थे PM मोदी? इंस्टा पर शेयर किया ये खास लम्हा, देखें VIDEO

दिमागी नक्सल पर सियासी घमासान, पीएम मोदी के बयान पर चिदंबरम का तीखा पलटवार