Mohadi Tehsil News: मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के तहत तहसील में चल रहे खेत मार्गों के लंबित कार्यों को बारिश शुरू होने से पहले युद्धस्तर पर पूरा करने तथा राजनीतिक उद्देश्य से की जा रही कथित झूठी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर तहसील सरपंच संगठन ने तुमसर के उपविभागीय अभियंता प्रफुल्ल झाडे को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया, कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में खेत मार्गों के खड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य बड़े पैमाने पर किए जा रहे हैं। इन कार्यों की सरपंच संगठन और स्थानीय किसान लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रत्यक्ष निरीक्षण और किसानों से संवाद के आधार पर यह कार्य कृषि उत्पादन की ढुलाई, खादबीज परिवहन तथा कृषि यंत्रीकरण के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे।
संगठन का आरोप है कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष और व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते इन कार्यों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के पास निराधार शिकायतें कर रहे हैं। इससे ठेकेदारों पर अनावश्यक दबाव बन रहा है और कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। प्रशासन की निगरानी में हो गुणवत्तापूर्ण कार्य सरपंच संगठन ने मांग की है कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले प्रशासन की निगरानी में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार सभी स्वीकृत खेत मार्गों का निर्माण 30 जून से पहले पूरा कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़े: MSRTC का फैसला; निर्धारित स्थानों पर नहीं रोकी बस तो कर्मचारियों की ही कटेगी जेब, वसूला जाएगा जुर्माना
ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहाडी तहसील सरपंच संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र नागफासे, शिवनी के उपसरपंच महादेव बांते, सरपंच राजेश हटवार, गुलाब सब्वालाखे, मनोहर राखड़े, रेश्मा ईश्वरकर, गोलू रोटके, अर्जुन उइके सहित अन्य सरपंच एवं उपसरपंच उपस्थित थे।