Bhandara Illegal Sand Mining News: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने साकोली, लाखनी और पवनी थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाते हुए करीब 46.68 लाख रुपये की संपत्ति और रेत जब्त की है। पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
साकोली पुलिस ने सेंदुरवाफा क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक बिना नंबर की ट्रॉली और आयसर ट्रैक्टर (MH 36 L 9251) को रोका। जांच में पाया गया कि चालक गोवर्धन तुकाराम चौधरी (35), मोहन दिलीप चांदेवार के निर्देश पर ईंट फैक्ट्री के लिए अवैध रेत ले जा रहा था। पुलिस ने रेत सहित करीब 6.06 लाख रुपये का माल जब्त कर मामला दर्ज किया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई लाखनी पुलिस द्वारा 13 अप्रैल की रात को खुटसावरी क्षेत्र में की गई। यहाँ पुलिस ने भिलेवाड़ा निवासी आशीष श्रीकृष्ण बांडेबुचे (37) और रतिराम बकाराम राखडे (40) को एक विशाल टाटा 12 चक्का टिप्पर (MH 49 BT 5375) के साथ रंगे हाथों पकड़ा। इस वाहन में 9 ब्रास अवैध रेत लदी हुई थी, जिसकी बाजार में कीमत 54 हजार रुपये है। पुलिस ने वाहन और रेत मिलाकर कुल 30.54 लाख रुपये की जब्ती की है।
यह भी पढ़ें:- पुणे एयरपोर्ट से उड़ेंगे 15 नए विमान, तिरुपति, सोलापुर और मंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू, जानें नया शेड्यूल
पवनी पुलिस ने 14 अप्रैल की सुबह कुरझा श्मशान भूमि के पास पेट्रोलिंग के दौरान दो ट्रैक्टरों को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा। चालक शिवम वामण रघुते और तेजस सहादेव कुंभरे को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी विशाल रामू कुलरकर की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने दो ट्रैक्टर और 2 ब्रास रेत सहित 10.08 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
भंडारा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब ये सभी मामले भारतीय न्याय संहिता 2023 की नई धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि नदी घाटों से अवैध उत्खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।