Gosikhurd Dam Gates Open: इस वर्ष के मानसून सीजन में पहली बार भंडारा जिले के गोसीखुर्द राष्ट्रीय परियोजना के सभी 33 गेट खोल दिए गए हैं। बांध के जलसंग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और गोंदिया जिले के पुजारीटोला और धापेवाडा बांध से पानी छोडे जाने के कारण वैनगंगा के बढे हुए जल स्तर को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण वैनगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिसे देखते हुए नदी के किनारे बसे सभी गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह 8.22 बजे गोसीखुर्द बांध के 25 गेट 0.50 मीटर तक खोलकर 2847.10 क्यूमेक पानी का विसर्ग शुरू किया गया था।
लेकिन बांध में पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए सुबह 917 बजे तक गेटों की संख्या बढ़ाकर सभी 33 गेट 0.50 मीटर तक खोल दिए गए। इसके माध्यम से अब नदी के पात्र में 3706.98 क्यूमेक्स पानी का विसर्ग किया जा रहा है। हालांकि वर्तमान में बांध का जलस्तर 35.65 प्रतिशत पर है, लेकिन एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है।
गोसीखुर्द के साथसाथ गोंदिया जिले के पुजारीटोला बांध से भी पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। गुरुवार को तड़के 1 बजे पुजारीटोला बांध के 4 गेट 0.3 मीटर तक खोले गए, जिससे नदी में 86 क्यूमेक 3036 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
पुजारीटोला बांध का मौजूदा जलस्तर 318.86 मीटर है और इसमें उपयोगी जलभंडार 80.01 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। धापेवाडा बांध के 15 गेट 2.5 मीटर से खोले गए है। इस बांध से 4315.95 क्युमेक्स पानी वैनगंगा में छोडा जा रहा है।
गोंदिया जिले से वैनगंगा नदी के माध्यम से आनेवाला यही पानी भंडारा जिले में मुश्किलें बढा रहा है। दूसरी ओर, अन्य बड़े बांधों जैसे बावनथड़ी 14.39 और संजय सरोवर 15.90 में पर्याप्त जलभंडार नहीं रहने से फिलहाल कोई विसर्ग नहीं किया जा रहा है। कारधा में नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर 245.00 मीटर से नीचे 243.18 मीटर पर है, फिर भी नदी उफान पर होने के कारण पूरी मशीनरी को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नदी किनारे रहने वाले नागरिकों और नदी मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों से अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को नदी किनारे जाने या मछली पकड़ने के लिए पानी में उतरने से मना किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बांध में पानी की आवक के अनुसार विसर्ग की मात्रा को कम या ज्यादा किया जा सकता है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 07182230196 या मोबाइल नंबर 9404991599 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, बाढ़ और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट के लिए डीडीएमए भंडारा के निःशुल्क चैटबॉट का उपयोग करने या 9767968166 नंबर पर वाट्सएप मैसेज करने का आह्वान जिला प्रशासन की ओर से किया गया है।