हेलिकॉप्टर की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
भंडारा

गोल-गोल चक्कर काटने के बाद झील किनारे उतरा हेलिकॉप्टर, भंडारा में खराब मौसम के कारण हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Nagpur To Raipur Helicopter Landing: महाराष्ट्र के भंडारा में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण नागपुर से रायपुर जा रहे निजी हेलिकॉप्टर की भिसारी झील के पास इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

गोरक्ष पोफली

Bhandara Helicopter Emergency Landing: नागपुर से रायपुर जा रहे निजी हेलिकॉप्टर को कम विजिबिलिटी के कारण मोहाड़ी तहसील में उतारना पड़ा, सभी चार लोग सुरक्षित।

भंडारा - महाराष्ट्र के भंडारा जिले में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। अचानक खराब हुए मौसम और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण चार लोगों को ले जा रहे एक निजी हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह घटना मोहाड़ी तहसील के मोहगांव-निलाज रोड के पास भिसारी झील के समीप घटी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर नागपुर से उड़ान भरकर रायपुर जा रहा था।

झील के ऊपर लगाता रहा चक्कर

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे जब हेलिकॉप्टर भंडारा जिले के ऊपर से गुजर रहा था, तब अचानक खराब मौसम और घना कोहरा व बादलों के कारण पायलट को आगे का रास्ता देखने में भारी कठिनाई होने लगी। गंभीर स्थिति को भांपते हुए पायलट ने हेलिकॉप्टर को सुरक्षित नीचे उतारने का फैसला किया।

चश्मदीद गवाहो के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग से पहले हेलिकॉप्टर कुछ देर तक भिसारी झील के आसमान में चक्कर काटता रहा। पायलट ने झील के पास पानी का स्तर कम होने के कारण उभरी हुई खुली और सुरक्षित जगह को हेलिकॉप्टर उतारने के लिए सबसे उपयुक्त पाया और सूझबूझ का परिचय देते हुए वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई।

एक घंटे बाद वापस नागपुर लौटा हेलिकॉप्टर

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने पुष्टि की है कि हेलिकॉप्टर में कुल चार लोग सवार थे और वे सभी सुरक्षित हैं। प्रशासन और स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई।

सूत्रों के अनुसार, आपातकालीन लैंडिंग के बाद पायलट और उसमें सवार लोगों ने करीब एक घंटे तक उसी स्थान पर मौसम के साफ होने का इंतजार किया। स्थिति में सुधार होने के बाद, उन्होंने अपनी आगे की रायपुर यात्रा को रद्द करते हुए हेलिकॉप्टर को वापस नागपुर शहर की ओर मोड़ लिया और सुरक्षित रूप से नागपुर के लिए उड़ान भर दी।

पायलट की सतर्कता और सही समय पर फैसला

गोंदिया जिले के बिरसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर गिरीशचंद्र वर्मा ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी कि पायलट इस आपात स्थिति में उनके एयरपोर्ट पर उतरना चाहता था, लेकिन बाद में मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए उसने सीधे नागपुर वापस लौटने का ही निर्णय लिया। समय पर लिए गए इस फैसले और पायलट की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

काशी पहुंचे जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, बोले- ग्रीन हाइड्रोजन से नई ऊंचाई छुएंगे भारत-जापान संबंध

चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश? ISBT के पास IED और हथियार बरामद, पुलिस ने 3 को पकड़ा

न पीने की पानी... न बैठने की जगह, 89% स्टेशनों का बुरा हाल; CAG रिपोर्ट ने खोली रेलवे के दावों की पोल

भ्रम न फैलाएं...राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई, अनादर के आरोपों को बताया बेबुनियाद

जिस सस्ते रॉकेट लॉन्च पर भारत को था गर्व, नई स्टडी ने खोल दी पोल? जानिए क्या है पूरा मामला