Highlights:
भंडारा में कृषि विभाग और कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) की ओर से जिलास्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
किसानों को जीवामृत, दशपर्णी अर्क, जैविक खाद और जैविक कृषि सामग्री बनाने एवं उपयोग करने की तकनीक समझाई गई।
विशेषज्ञों ने सब्जी उत्पादन, फसल प्रबंधन, फेरोमोन ट्रैप, कीट नियंत्रण और कृषि यंत्रीकरण की जानकारी दी।
Bhandara Farmers Training Program: कृषि विभाग एवं कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), भंडारा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय जिलास्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी देकर किसानों की आय बढ़ाना तथा खेती की लागत कम करना था।
जिला परिषद सभागृह, भंडारा में आयोजित प्रशिक्षण का उद्घाटन आत्मा की परियोजना संचालक उर्मिला चिखले के हाथों किया गया। इस अवसर पर जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी संगीता माने, आत्मा के परियोजना उपसंचालक अजयकुमार राऊत, उपविभागीय कृषि अधिकारी पद्माकर गिदमारे, जिला मृदा सर्वेक्षण एवं मृदा परीक्षण अधिकारी वृषाली देशमुख, तहसील कृषि अधिकारी नामदेव काशिद तथा उपकृषि अधिकारी गणेशकुमार शेंडे प्रमुखता से उपस्थित थे।
प्रशिक्षण में डॉ. विलास येवले ने जीवामृत, दशपर्णी अर्क, जैविक खाद एवं जैविक कृषि सामग्री के निर्माण और उपयोग की जानकारी दी। कृषि विशेषज्ञ सुधीर धकाते ने आधुनिक सब्जी उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन और उत्पादन वृद्धि के उपाय बताए।
पंकज गावंडे ने फेरोमोन ट्रैप, ल्यूर और अन्य सापलों के माध्यम से कीट नियंत्रण की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र साकोली के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रशांत उंबरकर ने कृषि संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन किया। डॉ. खिरारी ने पशुपालन तथा डॉ. महाले ने कृषि यंत्रीकरण एवं आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। वृषाली देशमुख ने मिट्टी परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य पत्रिका और संतुलित उर्वरक उपयोग का महत्व समझाया।
इस अवसर पर कृषि भूषण पुरस्कार प्राप्त प्रगतिशील किसान तानाजी गायधने, प्रकाश मस्के और ब्रिजलाल खराबे ने अपने कृषि अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण के दूसरे दिन किसानों को भंडारा तहसील के कोंडी-जवाहरनगर स्थित ब्रिजलाल खराबे के सब्जी प्रक्षेत्र का प्रत्यक्ष भ्रमण कराया गया, यहां बैंगन, टमाटर और खीरे की खेती की जानकारी सुधीर धकाते ने दी।
इसके बाद मोहाड़ी स्थित उनके सब्जी प्रक्षेत्र में मिर्च, फूलगोभी, कुंदरू और खीरे की खेती के बारे में खराबे ने प्रत्यक्ष मार्गदर्शन किया। इस भ्रमण में 28 महिला एवं पुरुष किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन आत्मा के तहसील तकनीकी प्रबंधक एस. डी. वैरागडे एवं आभार अजयकुमार राऊत ने माना। प्रशिक्षण की सफलता में कृषि विभाग, आत्मा के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि सखियों और महिला एवं पुरुष किसानों का सहयोग रहा।