भंडारा छात्र हत्याकांड (सोर्सः सोशल मीडिया)
भंडारा

Bhandara News: 16 वर्षीय स्कूली छात्र की चाकू से हत्या, नाबालिग आरोपी का सरेंडर

Bhandara Student Murder: भंडारा के मेंढा क्षेत्र में 16 वर्षीय स्कूली छात्र की चाकू से हत्या के बाद सनसनी फैल गई। नाबालिग आरोपी ने पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।

आंचल लोखंडे

Bhandara Crime News: शांत शहर की पहचान रखने वाले भंडारा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार 18 अगस्त को शाम करीब 5 बजे मेंढा क्षेत्र के नेहरू गार्डन के पास 16 वर्षीय स्कूली छात्र अंशु येरकड़े की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप भी एक अल्पवयस्क छात्र पर है। दोनों के मित्र होने की जानकारी सामने आई है। मृतक अंशु शहर के भागीरथा भास्कर विद्यालय में कक्षा 9 में पढ़ता था। बताया जाता है कि वह घर लौट रहा था, तभी नेहरू गार्डन के पास दोनों के बीच विवाद हुआ। घटनास्थल पर मृतक का स्कूल बैग पड़ा मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बातचीत बंद थी। सोमवार को दोनों की मुलाकात के बाद पुरानी दुश्मनी समाप्त करने या जारी रखने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने साथ चाकू लेकर आया था और वार करने का प्रयास कर रहा था।

नाबालिग आरोपी पुलिस की हिरासत में

इसी दौरान आरोपी और उसके साथ मौजूद मित्रों ने उससे चाकू छीन लिया। जिसके बाद आरोपी ने उसी चाकू से अंशु पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई, घटना के बाद आरोपी ने स्वयं भंडारा शहर पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजन पुलिस थाने पहुंचे और घटना को लेकर जवाब मांगने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

शहर के कुछ इलाके बने हुए हैं क्राइम के हॉट स्पॉट

शहर के शुक्रवारी, मेंढा, शास्त्री चौक, आंबेडकर वार्ड, हॉस्पिटल चौक और टप्पा मोहल्ला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में शाम होते ही टपरियां शराब की बोतलों से सजने लगती हैं। इन स्थानों पर शराब, बीयर तथा गांजे की कथित बिक्री और सेवन को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। नागरिकों का आरोप है कि पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। यह भी चर्चा है कि कुछ संवेदनशील स्थानों पर कार्रवाई से पहले ही संबंधित लोगों तक सूचना पहुंच जाती है। शहर थाने में लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कुछ पुलिसकर्मियों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। नागरिकों ने कड़ाई से जांच और बढ़ते क्राइम के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

अभिभावकों में गंभीर चिंता का माहौल

शहर में लगातार हो रही वारदातों से खौफ का माहौल है। पिछले आठ दिनों में विघ्नहर्ता होटल के सामने दिनदहाड़े हत्या के प्रयास की घटना भी सामने आई थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का उपचार अभी जारी बताया जा रहा है। वहीं करीब 15 दिन पहले साढ़े तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना ने भी शहर को झकझोर दिया था। इन घटनाओं के बाद अब एक स्कूली छात्र की हत्या से नागरिकों में चिता बढ़ गई है। नागरिकों ने शहर में मादक पदार्थों की कथित बिक्री और सेवन पर भी चिंता जताई है। कुछ लोगों का आरोप है कि नशीले पदार्थों की गतिविधियों पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं हो रही है।

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप

INDIA Alliance Protest: राहुल-प्रियंका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस बोली सब याद रखा जाएगा

दो घंटे की हिरासत के बाद छूटे राहुल और प्रियंका गांधी, आकाशवाणी परिसर से हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब CM ऑफिस पर CBI की छापेमारी, भगवंत मान बोले- BJP ने शुरू कर दी चुनावी खेल