CM Devendra Fadnavis Call Beed Vilas Ghule Murder Case: महाराष्ट्र के बीड जिले के केज तहसील अंतर्गत टाकली गांव में हुए व्यवसायी विलास घुले की हत्या के मामले ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। पिछले तीन दिनों से जारी तनाव और भारी जन-आक्रोश के बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तक्षेप के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है।
ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार रात को आंदोलनकारियों को फोन कॉल किया और जांच का आश्वासन दिया है। सीएम के फोन के बाद पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता का पूरक बयान दर्ज किया है।
यह घटना 20 जून की शाम करीब 7:30 बजे की है। बीड जिले के टाकली इलाके में विलास घुले नामक व्यवसायी की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद से ही स्थानीय नागरिक और परिजन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 'रास्ता रोको' आंदोलन कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन का स्तर तब और बढ़ गया जब विलास घुले के पार्थिव शरीर को केज पुलिस स्टेशन के बाहर करीब 9 घंटे तक रखा गया।
ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने इस आंदोलन को समर्थन देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। हाके और मृतक के परिजनों का दावा है कि बीड के सांसद बजरंग सोनवणे का बेटा सौरभ सोनवणे उस गिरोह का हिस्सा है जिसने इस हत्या को अंजाम दिया। आंदोलनकारियों की मांग थी कि सौरभ सोनवणे के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए। इस मुद्दे को विधायक धनंजय मुंडे और पंकजा मुंडे ने भी प्रमुखता से उठाया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने देर रात लक्ष्मण हाके को फोन किया और पूरी स्थिति की जानकारी ली। फडणवीस ने आंदोलनकारियों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक नवनीत कांवत ने जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने रमेश घुले का पूरक जवाब दर्ज किया, जिसमें सौरभ सोनवणे का नाम शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें:- केतन अग्रवाल हत्याकांड: आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी का कबूलनामा, तीन बार की थी मारने की कोशिश
हालांकि, अब तक सौरभ सोनवणे के खिलाफ अभी तक औपचारिक FIR दर्ज नहीं हुई है। बीड एसपी नवनीत कांवत ने बताया कि जांच के बाद FIR दर्ज की जाएगी। फडणवीस के आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। दूसरी ओर, सांसद बजरंग सोनवणे ने किसी भी जांच का सामना करने की बात कही है और पुलिस को निष्पक्ष जांच करने को कहा है।