

Ketan Agarwal Murder Case Fiancee Siya Goyal Confession: महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहगढ़ किले पर युवक केतन अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में हादसा मानी जा रही यह घटना अब साजिश के तहत हत्या साबित होती नजर आ रही है। लोणावला ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया है कि केतन की हत्या कथित तौर पर उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर की।
पुणे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से गिरने के कारण मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस द्वारा जुटाए गए तकनीकी और परिस्थितिजन्य सबूतों ने मामले को नया मोड़ दे दिया।
फिलहाल पुणे पुलिस ने आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को आरोपियों को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई है, वह यह है कि केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाने के लिए पहले भी तीन बार प्रयास किए जा चुके थे। दरअसल, केतन को ऊंचाई वाले स्थानों से काफी डर लगता था, जिसके कारण वह बार-बार वहां जाने से कतरा रहा था। मगर उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल लगातार उस पर लोहगढ़ चलने का दबाव बना रही थी। आखिरकार, मंगेतर के बार-बार जिद करने के कारण केतन मना नहीं कर पाया और यही फैसला उसके लिए आखिरी साबित हुआ।
जांच के दौरान पुणे पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला, जिसमें चेतन चौधरी कड़ी धूप के बावजूद हुडी पहनकर लोहगढ़ की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस का मानना है कि यह फुटेज मामले की जांच में अहम साबित हुआ। इसके अलावा, अन्य तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका को मजबूत माना और जांच उसी दिशा में आगे बढ़ाई।
इस बीच, मृतक केतन अग्रवाल के पिता और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपने बेटे को न्याय दिलाने की अपील की है। मृतक के चाचा विजय अग्रवाल ने कहा कि हमें पता चला है कि केतन की हत्या हमारी ही होने वाली बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की है। पहले हमें यह एक हादसा लग रहा था, लेकिन अब सच्चाई कुछ और ही सामने आ रही है। हम पुलिस से न्याय मांग रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)