अभिजीत दीपके की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया) 
औरंगाबाद

CJP चीफ अभिजीत दीपके की अचानक बिगड़ी तबीयत; घर बुलानी पड़ी डॉक्टरों की टीम, समर्थकों में चिंता का माहौल

Abhijit Dipke Health Update: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद घर पर डॉक्टरों की टीम बुलानी पड़ी। जानें उनकी सेहत का ताजा अपडेट और बीमारी की वजह।

गोरक्ष पोफली

Abhijit Dipke Health Deteriorates: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक और प्रमुख अभिजीत दीपके को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शनिवार को उनकी तबीयत अचानक इस कदर बिगड़ गई कि उनके घर पर ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम को बुलाना पड़ा। छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके आवास पर जब यह घटना हुई, तब वह अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार सुबह अभिजीत दीपके अपने घर की पार्किंग में लोगों से मिलने पहुंचे थे। इसी मुलाकात के दौरान उन्हें अचानक बेचैनी और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते उन्हें तेज मितली आने लगी और उन्होंने वहीं उल्टी कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, वह मीडियाकर्मियों से बिना कोई बात किए तुरंत घर के अंदर चले गए। उनके अचानक इस तरह जाने से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच हड़कंप मच गया।

घर पर ही चढ़ाई गई ड्रिप, बीपी मिला कम

अभिजीत की बिगड़ती हालत को देख परिजनों ने फौरन डॉक्टरों से संपर्क किया। इसके बाद डॉ. विशाल लाहाने अपनी मेडिकल टीम के साथ उनके घर पहुंचे। शुरुआती जांच में पाया गया कि अभिजीत दीपके का BP सामान्य से थोड़ा कम होकर 100/60 तक गिर गया था। उन्हें लगातार उल्टी, दस्त और मितली की शिकायत थी।

डॉक्टरों ने मौके पर ही उपचार शुरू करते हुए उन्हें आईवी फ्लूइड दी। डॉ. लाहाने ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें कड़ाई से पूरे दिन बेड रेस्ट करने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि उनकी सेहत में जल्द सुधार नहीं दिखा, तो उनके कुछ ब्लड टेस्ट भी कराए जा सकते हैं।

थकान और पुराना टाइफाइड बनी वजह?

अभिजीत दीपके की इस अचानक शारीरिक गिरावट के पीछे अत्यधिक तनाव और थकान को एक मुख्य कारण माना जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों में काफी सक्रिय रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान 25 जुलाई को उन्होंने खुद साझा किया था कि वह टाइफाइड की चपेट में हैं और पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि टाइफाइड से पूरी तरह न उबर पाने और लगातार काम के बोझ के कारण उनके शरीर पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।

समर्थकों की बढ़ी चिंता

अभिजीत दीपके की तबीयत खराब होने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया और समाचारों के जरिए फैली, सीजेपी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है और वह मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं। फिलहाल समर्थकों और परिजनों की ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Delhi Rally: रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली; देशभर से जुटे विपक्षी नेता, CEC का इस्तीफा रहा मुद्दा

रामलीला मैदान रैली में 1 KM लंबी वोटर लिस्ट लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, देखें VIDEO

स्कूल में छात्रा पर आरी से हमला करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस के साथ मुठभेड़ में लगी 6 गोली; देखें VIDEO

समालखा: 79वें निरंकारी संत समागम के बाद 126 जोड़ों का विवाह, सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने दिया आशीर्वाद

न्याय के लिए दिल्ली आने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, CJI सूर्यकांत ने क्यों कही यह बात?