Chhatrapati Sambhajinagar Retired BSNL Employee Cheated: छत्रपति संभाजीनगर शहर में अधिक ब्याज और बेहतर निवेश का लालच देकर एक सेवानिवृत्त बीएसएनएल कर्मचारी से 45।05 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह कथित धोखाधड़ी पीड़ित की रिश्ते की भतीजी ने अपने साथियों के साथ मिलकर की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जवाहर नगर पुलिस थाने में 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुतगिरणी रोड निवासी 72 वर्षीय श्रीकृष्ण आनंदराव ढोरे वर्ष 2014 में बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में जमा कर रखी थी। उनकी रिश्ते की भतीजी कल्याणी रमेश ढोरे को इस रकम की जानकारी थी। उसने बैंक से अधिक लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनका विश्वास जीता।
आरोप है कि जुलाई से नवंबर 2019 के बीच कल्याणी ढोरे ने पीड़ित से कई कोरे चेकों पर हस्ताक्षर कराए और स्वयं आरटीजीएस तथा एनईएफटी प्रपत्र भरकर 45।05 लाख रुपये 12 अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिए। पीड़ित इन खाताधारकों को जानते तक नहीं थे। बाद में केवल 90 हजार रुपये वापस मिले।
रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने पहले निवेश सुरक्षित होने का दावा किया और बाद में 68 लाख रुपये के कथित चेक का फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर भरोसा दिलाने का प्रयास किया। बाद में वह फोटो भी हटा दिया गया। लगातार टालमटोल के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: लातूर में दो किसानों ने की खुदकुशी, सरकार चुप क्यों? विजय वडेट्टीवार ने सदन में उठाया कृषि संकट का मुद्दा
बढ़ते साइबर और वित्तीय अपराधों के बीच अपनों से ही धोखा मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सीनियर सिटिजन्स को जागरूक किया जाता रहा है कि वे अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी और बैंक खातों की गोपनीय जानकारी, चेकबुक या पासबुक किसी भी अनजान या नजदीकी रिश्तेदार के हाथ में न सौंपें। फिलहाल जवाहर नगर पुलिस इस मामले में शामिल सभी 13 आरोपियों के बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है ताकि ठगी गई रकम की जल्द से जल्द रिकवरी की जा सके।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट