Highlights:
बडनेरा विधायक रवि राणा ने नरकासुर दहन कार्यक्रम में कहा कि अगली बार वे मंत्री बनकर ही इस आयोजन में शामिल होंगे।
राणा ने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मंत्रिपद देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तक का आश्वासन मिलने की बात भी कही।
अमरावती जिले के किसी विधायक को अब तक मंत्रिपद नहीं मिलने के बीच रवि राणा के बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Badnera Narkasur Dahan: अमरावती जिले के किसीभी विधायक को अब तक मंत्रिपद नहीं मिल पाने की कसक सत्तारूढ़ महायुति के घटक दलों के नेताओं में दिखाई दे रही है। इस बीच युवा स्वाभिमान पार्टी के विधायक रवि राणा ने जल्द ही मंत्रिपद की शपथ लेने का बड़ा दावा किया है।
बडनेरा के सावता मैदान में आयोजित नरकासुर दहन कार्यक्रम के दौरान राणा ने कहा कि अगली बार वे मंत्री बनकर ही यहां आएंगे और नरकासुर का दहन करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी व नागरिक उपस्थित थे।
विधायक राणा ने आगे कहा कि यहां युवा स्वाभिमान पार्टी के साथ ही सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौजूद हैं। कई लोग उनसे सवाल करते हैं कि अब तक उन्हें मंत्रिपद क्यों नहीं मिला। लेकिन अब वे खुद विश्वास के साथ कह रहे हैं कि अगली बार मंत्री बनकर ही इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्हें अपने नेता और नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। नेतृत्व ने उन्हें इस संबंध में आश्वासन दिया है।
राणा ने कहा कि नेतृत्व ने उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तक का आश्वासन दिया है। आने वाले समय में उन्हें मंत्रिपद मिलेगा और वे बडनेरा विधानसभा क्षेत्र, अमरावती जिले तथा पूरे महाराष्ट्र को न्याय दिलाने का काम करेंगे। उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बडनेरा में नरकासुर के पुतले का दहन करने की परंपरा करीब 89 वर्षों से चली आ रही है। हर साल यह उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष विधायक रवि राणा के हाथों नरकासुर के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनकी जिद है कि हर घर में किराना सामग्री पहुंचे और माताओं को साड़ी मिले। सभी लोगों की दीपावली खुशियों के साथ मननी चाहिए।
विधायक राणा और उनकी पत्नी पूर्व सांसद नवनीत राणा ने इस वर्ष दिव्यांगजनों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान दिव्यांगों को किराना सामग्री, दीपावली फराल और आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। दिव्यांगजनों के मानधन में वृद्धि की मांग करते हुए राणा ने कहा कि भले ही विधायकों का वेतन बंद कर दिया जाए, लेकिन दिव्यांगजनों का मानधन बढ़ाया जाना चाहिए।