Amravati Agriculture Department: मानसून की धीमी रफ्तार से किसानों की बढ़ती चिंता के बीच बडनेरा के विधायक रवि राणा ने किसानों से पर्याप्त बारिश होने व सरकार के अगली सूचना तक बुआई नहीं करने की अपील की। सोमवार को वे अपने खेत पहुंचे और स्वयं ट्रैक्टर चलाकर खेत की जुताई के कार्य कर रहे थे। रवि राणा ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन अब तक संतोषजनक वर्षा नहीं होने से किसान असमंजस की स्थिति में हैं।
उन्होंने बताया कि खेतों की जुताई और अन्य तैयारियां पूरी कर लें, लेकिन पर्याप्त बारिश होने से पहले बीज न डालें। उन्होंने कहा कि यदि जल्दबाजी में बुआई कर दी गई और अगले 15 से 20 दिनों तक बारिश नहीं हुई, तो बीज खराब होने का खतरा रहेगा। ऐसी स्थिति में किसानों को दोबारा बुआई करनी पड़ सकती है, जिससे आर्थिक नुकसान बढ़ेगा।
राणा ने कहा कि बीज, खाद, मजदूरी और खेती की लागत पहले ही बढ़ चुकी है। ऐसे में किसानों को कृषि विभाग और प्रशासन की सलाह का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अच्छी बारिश होगी और किसानों का खरीफ सीजन सफल रहेगा। खेत में काम करते हुए विधायक रवि राणा ने किसानों की समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया और समय पर वर्षा होने की प्रार्थना भी की।
ये भी पढ़े: वर्धा में मानसून सुस्त, अब तक सिर्फ 16.06 मिमी बारिश, बुवाई योग्य वर्षा का इंतजार कर रहे किसान
बडनेरा के विधायक रवि राणा ने कहा कि किसानों से अपील है कि खेतों की तैयारी पूरी रखें, लेकिन पर्याप्त बारिश और कृषि विभाग की सलाह मिलने तक बुआई में जल्दबाजी न करें। जल्दबाजी से दोबारा बुआई की नौबत आ सकती है, जिससे आर्थिक नुकसान होगा।