Maharashtra ST Bus (फोटो नवभारत) 
अमरावती

ST बसों में अब 'स्मार्ट' सफर: 1 अप्रैल से रियायती यात्रा के लिए NCMC कार्ड अनिवार्य, जानें शुल्क और प्रक्रिया

Maharashtra ST Bus News: ST बसों में रियायती यात्रा के लिए 1 अप्रैल से NCMC स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। 199 के इस कार्ड से छात्र, वरिष्ठ नागरिक और महिलाओं को कैशलेस व पारदर्शी यात्रा की सुविधा मिलेगी

रूपम सिंह

Amravati Digital Payment ST Bus News: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने रियायती श्रेणी के यात्रियों के लिए बड़ी पहल करते हुए 'नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड' (एनसीएमसी) लागू करने का निर्णय लिया है। 1 अप्रैल से एसटी की 'लालपरी' बसों में रियायत का लाभ लेने के लिए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। इस कदम को एसटी के कैशलेस और पारदर्शी सेवा मॉडल की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

महामंडल के अधिकारियों के अनुसार नई प्रणाली के माध्यम से रियायतों का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड रखा जा सकेगा। इससे सरकारी प्रतिपूर्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होगी। यात्रियों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक भुगतान विकल्प मिलेगा। योजना के क्रियान्वयन के लिए महामंडल ने एक निजी कंपनी और बैंक के साथ करार किया है। प्रदेशभर के सभी आगारों (डिपो) में जल्द ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए अधिकृत एजेंट नियुक्त किए जाएंगे, जो यात्रियों को कार्ड बनवाने और रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।

कार्ड शुल्क और रिचार्ज की सुविधा

एनसीएमसी कार्ड 199 रुपये में उपलब्ध होगा। जिन यात्रियों के पास पुराना स्मार्ट कार्ड है, वे उसे जमा कर 149 रुपये में नया कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। कार्ड में न्यूनतम 100 रुपये और अधिकतम 500 रुपये तक की वॉलेट सीमा रखी जा सकेगी। जरूरत के अनुसार 50 रुपये के गुणांक में रिचार्ज की सुविधा दी जाएगी। विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों को लाभइस योजना में समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल किया गया है।

स्कूल और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को उनके 'सरल' क्रमांक से लिंक कार्ड दिया जाएगा। अमृत ज्येष्ठ नागरिक और सामान्य वरिष्ठ नागरिकों को आधार से जुड़ा स्मार्ट कार्ड मिलेगा। महिलाओं को भी आधार लिंक कार्ड के माध्यम से रियायत का लाभ मिलेगा। दिव्यांगजनों को यूडीआईडी नंबर से लिंक कार्ड जारी किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानी, अधिस्वीकृत पत्रकार और राज्य पुरस्कार विजेताओं को एसटी प्रशासन द्वारा कार्ड वितरित किए जाएंगे।

पारदर्शी और सुरक्षित यात्रा की ओर कदम

अधिकारियों का कहना है कि एनसीएमसी कार्ड से रियायतों की सटीक गणना और पारदर्शी प्रतिपूर्ति संभव होगी। इससे नकद लेन-देन में होने वाली त्रुटियां और गड़बड़ियां कम होंगी। साथ ही, यात्रियों को डिजिटल भुगतान का आधुनिक और सुरक्षित विकल्प मिलेगा।

आदेश की प्रतीक्षा

संभाग नियंत्रक नीलेश बेलसरे ने बताया की एसटी महामंडल ने रियायतधारक यात्रियो के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) शुरु करने का निर्णय लिया है। यह योजना आगामी अप्रैल माह से शुरु होने की संभावना है। वरिष्ठ स्तर से आदेश आते ही इस उपक्रम का एसटी प्रशासन की ओर से अमल किया जाएगा।

चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश? ISBT के पास IED और हथियार बरामद, पुलिस ने 3 को पकड़ा

काशी पहुंचे जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, बोले- ग्रीन हाइड्रोजन से नई ऊंचाई छुएंगे भारत-जापान संबंध

न पीने की पानी... न बैठने की जगह, 89% स्टेशनों का बुरा हाल; CAG रिपोर्ट ने खोली रेलवे के दावों की पोल

भ्रम न फैलाएं...राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई, अनादर के आरोपों को बताया बेबुनियाद

जिस सस्ते रॉकेट लॉन्च पर भारत को था गर्व, नई स्टडी ने खोल दी पोल? जानिए क्या है पूरा मामला