Auto Driver Returns 4.75 Lakh Safely: नागपुर शहर में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिला करीब 4.75 लाख रुपए की नकदी व कीमती सामान से भरा बैग उसके मालिक को लौटा दिया। लक ड़गंज पुलिस की मौजूदगी में बैग शिक्षिका ममता नरेश यादव को सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ममता यादव 31 अगस्त को अमर टॉकीज के सामने पुराने मोटर स्टैंड चौक पर खरीदारी के लिए गई थीं. इसी दौरान उनका बैग गुम हो गया था। बैग में 1.75 लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ तोले की सोने की अंगूठी, 50,000 रुपये का मोबाइल फोन और 3 एटीएम कार्ड थे। बैग गायब होने का पता चलने के बाद ममता यादव ने लकड़गंज पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
इसी बीच 1 सितंबर को नागपुर के विनोबा भावेनगर निवासी ऑटो चालक सचिन मोतीराम निखारे (40) को सड़क पर यह बैग मिला। बैग खोलने पर उसमें बड़ी रकम और कीमती सामान देखकर भी वे चौंक गए। इसे अपने पास रखने के बजाय उन्होंने इमानदारी दिखाते हुए पुलिस को सौंपने का फैसला किया। सचिन निखारे ने बैग लकड़गंज पुलिस के माध्यम से उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया।
नागपुर पुलिस की मौजूदगी में बैग ममता यादव को सौंपे जाने के बाद उन्होंने ऑटो चालक का आभार व्यक्त किया। सचिन निखारे की ईमानदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए लकड़गंज थानेदार मुकुंद कवाड़े के हाथों उनका सत्कार किया गया। उन्हें प्रशंसापत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़क या सार्वजनिक स्थान पर किसी का सामान मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपें और सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं। सचिन निखारे का यह कदम अन्य नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है।