कॉलेज की सीढ़ियों पर छात्रा पर चाकू से हमला  सोर्स: सोशल मीडिया
अमरावती

अमरावती में दिनदहाड़े कॉलेज की सीढ़ियों पर छात्रा पर चाकू से वार;छात्राओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

Amravati College Crime:अमरावती के कॉलेज में 19 वर्षीय छात्रा पर सहपाठी ने कथित तौर पर चाकू से हमला किया। छात्रों और चौकीदार ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

मनीषा बोंदरे

Amravati College Student Knife Attack: अमरावती के अंजनगांव बारी मार्ग स्थित कॉलेज में डी. फार्म द्वितीय वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा पर उसके सहपाठी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रों और चौकीदार ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

सीढ़ियों पर अचानक निकाला चाकू

अमरावती अंजनगांव बारी मार्ग स्थित एक कॉलेज परिसर में मंगलवार को 19 वर्षीय छात्रा पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, छात्रा के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने कॉलेज की सीढ़ियों पर उस पर चाकू से वार किया। हमले में छात्रा के गले पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिनदहाड़े कॉलेज परिसर में हुई घटना से विद्यार्थियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग कॉलेज परिसर में जमा हो गए।

लेक्चर के बाद सीढ़ियों पर हमला

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नवीन, निवासी सिंधी कैंप, बडनेरा और घायल छात्रा दोनों डी. फार्म द्वितीय वर्ष में पढ़ते हैं। दोनों के बीच पहले से परिचय होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

मंगलवार को लेक्चर खत्म होने के बाद दोनों सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपने बैग से चाकू निकाला और छात्रा पर वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी वहां से भागने लगा।

छात्रों और चौकीदार ने आरोपी को पकड़ा

आरोपी को भागते देख कुछ छात्रों ने उसका पीछा किया। कॉलेज के गेट के पास मौजूद चौकीदार ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कुछ विद्यार्थियों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बडनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। डीसीपी श्याम चुगे और यशयत सोलंके ने भी मौके का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रा की स्थिति की जानकारी ली।

आरोपी के बयान की भी जांच

अमरावती पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह परेशान रहता था और उसने दो-चार बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था। पुलिस इन दावों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल घायल छात्रा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और विवाद की पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है।

छात्राओं की सुरक्षा पर फिर सवाल

अमरावती में कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर यह घटना चर्चा में आ गई है। हाल ही में रवि नगर क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक छात्रा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी। इसके बाद अब कॉलेज परिसर में छात्रा पर हमले की घटना से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

INDIA गठबंधन की बैठक से पहले पोस्टर वॉर, दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाला होर्डिंग लगा

CWC Meeting: नीतीश कुमार गद्दार हैं...! बैठक में भड़कीं सोनिया गांधी, खरगे ने भी खोला JDU का राज

ज्ञानेश कुमार को हटाने की रणनीति तैयार! CWC की बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक की मीटिंग; अखिलेश नहीं होंगे शामिल

Jammu-Kashmir Encounter: यूसमर्ग में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, लश्कर कमांडर मूसा ढेर; सर्च ऑपरेशन जारी

Asian Games में बेटियों का जलवा! किरण-पूवम्मा-प्राची-विथ्या ने रिले में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास