Amravati RTE Admission Scam: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पंचायत समिति भातकुली के 2 कर्मचारियों को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। यह रिश्वत शिक्षा के अधिकार के तहत एक बालिका के स्कूल प्रवेश के लिए सकारात्मक सत्यापन रिपोर्ट भेजने के बदले मांगी गई थी। आरोपी के नाम ठेका कर्मी हर्षवर्धन इंगले 42, संतोषी माता कॉलोनी, अमरावती व प्रभारी केंद्र प्रमुख नरेंद्र धनस्कर 54, बापू कॉलोनी, अमरावती है।
बेटी का प्रवेश रद्द हो जाएगा शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी के पहली कक्षा में प्रवेश के लिए 19 फरवरी 2026 को आरटीई के तहत ऑनलाइन आवेदन किया था। लॉटरी पद्धति के माध्यम से उनकी बेटी को कटोरा के टोमोए प्राइमरी इंग्लिश स्कूल आवंटित हुआ था।
30 अप्रैल 2026 को पते के सत्यापन के लिए पंचायत समिति भातकुली से हर्षवर्धन इंगले और नरेन्द्र धनस्कर प्रभारी केंद्र प्रमुख शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता दिए गए पते पर नहीं रहते हैं और इस आधार पर उनकी बेटी का प्रवेश रद्द हो सकता है।आरोपियों ने सकारात्मक सत्यापन रिपोर्ट देने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने की इच्छा न होने के कारण अभिभावक ने अमरावती एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने जाल बिछाया।
आरोपियों ने रिश्वत स्वीकार करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान हर्षवर्धन इंगले ने पंचो की उपस्थिति में 50 हजार रुपये जिसमें 25,000 रुपये के असली नोट और 25,000 रुपये के डमी नोट शामिल थे स्वीकार किए, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
ये भी पढ़े: मीरा-भाईंदर में शिवाजी महाराज प्रतिमा को लेकर राजनीति गरमाई, प्रताप सरनाईक ने प्रशासन को दी चेतावनी
आरोपियों के खिलाफ राजापेठ थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बापू बांगर, अपर पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र शिंदे और पुलिस उपाधीक्षक सुनील किनगे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक सुजाता बन्सोड व उनकी टीम ने की। एसीबी ने नागरिकों से यदि कोई भी सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो वे तुरंत विभाग के टोलफ्री नंबर 1064 पर संपर्क करने की अपील की।