Akola Shiv Sena Corporator Sagar Bharuka Arrested: महाराष्ट्र के अकोला शहर से बड़ी खबर सामने आई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नगरसेवक (पार्षद) सागर भारुका को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। भारुका पर अकोला के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक होटल व्यवसायी और उसके कर्मचारी को धमकाने तथा उनसे 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगा है। इस गिरफ्तारी के बाद अकोला महानगर पालिका की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
इस गिरफ्तारी के बाद अकोला महानगर पालिका में सत्ताधारी भाजपा और सहयोगी दल शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के बीच का विवाद अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है।
अकोला पुलिस के मुताबिक, नगरसेवक सागर भारूका पर 3 अक्टूबर की रात को बस स्टैंड क्षेत्र स्थित होटल मालिक और वहां काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है।
इसके साथ ही होटल मालिक से 15 लाख रुपये की मांग किए जाने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई गई है। इस मामले में सिविल लाइन्स पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर भारूका को गिरफ्तार किया है।
हालांकि, शिवसेना नगरसेवक सागर भारूका ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने दावा है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और बिना किसी जांच-पड़ताल के उनके खिलाफ झूठी कार्रवाई की गई है।
भारूका ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ इस होटल में खाना खाने गए थे लेकिन उन्होंने होटल मालिक से किसी भी तरह की रंगदारी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
इस बीच, नगर सेवक सागर भारूका पर लगे आरोप और पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद अकोला महानगरपालिका में सत्ताधारी भाजपा और सहयोगी दल शिवसेना के बीच राजनीतिक संबंध एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। मामले की आगे की जांच सिविल लाइन्स पुलिस द्वारा की जा रही है।
सागर भारुका का इससे पहले अकोला नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय अग्रवाल से विवाद हुआ था। इस मामले में भी भारुका के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। सागर भारुका को सोमवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं।