Akola Super Speciality Hospital: आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अकोला में करोड़ों रुपये की लागत से सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया गया था। लेकिन वर्तमान में यह अस्पताल अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं देने में सक्षम नहीं दिख रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण गंभीर मरीजों को उपचार के लिए नागपुर, अमरावती अथवा मुंबई रेफर करना पड़ रहा है।
ऐसे में आम नागरिकों को सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल का वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है। अस्पताल की विशाल इमारत होने के बावजूद पेट और लीवर संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आवश्यक गैस्ट्रोएन्टेरोलॉजिस्ट पाचन तंत्र विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद होने पर भी कई मामलों में आवश्यक आधुनिक मशीनों और तकनीकी संसाधनों के अभाव में समुचित उपचार संभव नहीं हो पाता।
परिणाम स्वरूप चिकित्सकों के सामने मरीजों को उच्च केंद्रों पर रेफर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों की परेशानी और जोखिम दोनों बढ़ जाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल की मूलभूत चिकित्सा जरूरतों की बजाय अक्सर स्ट्रेचर, साफसफाई और पेयजल जैसी समस्याओं पर ही चर्चा होती है।
जबकि अस्पताल में आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपेक्षित स्तर पर आवाज नहीं उठाई जा रही है।तकनीकी सुविधाओं और विशेषज्ञों की नियुक्ति पर हो पहलनागरिकों का मानना है कि आगामी मानसून सत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएन्टेरोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों की स्वीकृति तथा अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाना चाहिए।
ये भी पढे़: खतरे की घंटी है एशिया की सबसे बड़ी अजनी रेलवे क्वार्टर बदहाली पर, CRMS ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
यदि अस्पताल की मूलभूत तकनीकी कमियों को दूर किया गया तो मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करने की नौबत कम होगी और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यही इस अस्पताल की स्थापना का वास्तविक उद्देश्य भी है।कैप्शन अकोला। सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल।