Vidarbha Heatwave Alert IMD प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)  
अकोला

अकोला बना देश का सबसे गर्म शहर! 44 डिग्री पारे के साथ विदर्भ में लू का तांडव, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Akola Heatwave: महाराष्ट्र का अकोला 44°C के साथ देश का सबसे गर्म और दुनिया का दूसरा सबसे गर्म शहर बन गया है। विदर्भ में लू का येलो अलर्ट। गर्मी से पहली मौत का संदेह, जानें मौसम विभाग की चेतावनी।

अनिल सिंह

Vidarbha Heatwave Alert IMD: महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र इस समय भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में है। अकोला 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अकोला का तापमान पिछले कुछ दिनों में न केवल भारत बल्कि दुनिया के सबसे गर्म स्थानों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुँच गया है। विदर्भ के अन्य जिलों जैसे अमरावती, वर्धा और नागपुर में भी पारा 42 से 43 डिग्री के पार चला गया है।

क्यों तप रहा है विदर्भ?

नागपुर वेधशाला के विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में हवाएं मुख्य रूप से उत्तर दिशा से विदर्भ की ओर बह रही हैं। ये हवाएं पाकिस्तान और अफगानिस्तान के शुष्क और अत्यधिक गर्म क्षेत्रों से होकर आ रही हैं। इस गर्म हवा के प्रवाह के कारण मध्य भारत और विशेषकर विदर्भ में भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। आने वाले 8 दिनों तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

लू से पहली मौत की आशंका

अकोला के पुराने पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक मालवाहक ऑटो में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस और स्थानीय प्रशासन को अंदेशा है कि व्यक्ति की मौत लू (Heatstroke) लगने के कारण हुई है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होती है, तो यह इस सीजन में अकोला में लू से होने वाली पहली मौत होगी।

येलो अलर्ट और बचाव के निर्देश

मौसम विभाग ने विदर्भ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें। यदि बाहर निकलना अनिवार्य हो, तो सिर को कपड़े से ढंकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। विदर्भ के प्रमुख शहरों में कल का तापमान कुछ इस प्रकार रहा:

  • अकोला: 44°C
  • अमरावती: 43.8°C
  • वर्धा: 43.5°C
  • नागपुर: 42.2°C

लू से बचने के प्रमुख उपाय

हाइड्रेशन (पानी की मात्रा): पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगी हो। नींबू पानी, ओआरएस (ORS), छाछ, नारियल पानी और कच्चे आम का पना लू से बचाता है। हल्का और सुपाच्य भोजन करें। अधिक तले-भुने, मसालेदार और बासी खाने से बचें। कच्चा प्याज लू से बचाव में बहुत कारगर है। बाहर निकलते समय हल्के रंग के, ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें। तेज धूप में निकलते समय सिर को टोपी, कपड़े या छतरी से ढकें। चश्मा (Sunglasses) और सनस्क्रीन का प्रयोग करें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे बंद रखें और पंखे/AC का प्रयोग करें।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में क्यों हो रहा है प्रदर्शन? समर्थन में पहुंचे इमरान मसूद को पुलिस ने किया डिटेन

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए