अकोला गणेशोत्सव (सोर्स: सोशल मीडिया)
अकोला

अकोला में गणेशोत्सव की धूम! नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच 1,984 स्थानों पर विराजे गणराज

Akola Ganeshotsav: अकोला में गणेश चतुर्थी पर 1,984 स्थानों पर भगवान गणेश की स्थापना हुई। शोभायात्राओं, झांकियों और आकर्षक प्रतिमाओं के बीच पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।

मनीषा बोंदरे

Akola Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी के अवसर पर अकोला शहर और जिले में उत्साह का माहौल रहा। सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों सहित कुल 1,984 स्थानों पर भगवान श्रीगणेश की स्थापना की गई। शोभायात्राओं, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से शहर गणेशमय नजर आया।

जयकारों और नगाड़ों से गूंजा अकोला

गणेश चतुर्थी के अवसर पर अकोला शहर और जिले में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के साथ हजारों परिवारों ने भी अपने घरों में भगवान श्रीगणेश की स्थापना की।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिले में विभिन्न मंडलों द्वारा 1,984 स्थानों पर गणराज विराजे। सभी स्थानों पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई।

गणेशोत्सव के आगाज के साथ ही शहर के कई इलाकों में शोभायात्राएं निकाली गईं। आरती, भजन, ढोल-नगाड़ों और विभिन्न वाद्ययंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रमुख इलाकों में भव्य आयोजन

जठारपेठ, गोरक्षण मार्ग, कौलखेड़, डाबकी मार्ग, रणपिसे नगर, जवाहर नगर, सिविल लाइन, रतनलाल प्लॉट चौक, गांधी मार्ग, तिलक मार्ग, गंगानगर, पुराना शहर, हरिहर पेठ, उमरी, मलकापुर और खड़की सहित प्रमुख क्षेत्रों में सार्वजनिक गणेश मंडलों ने भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की।

पुराने और प्रतिष्ठित गणेश मंडलों ने आकर्षक झांकियों के जरिए परंपरा को जीवंत रखा है। आगामी दिनों में इन झांकियों और गणेश दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

बप्पा के अलग-अलग रूपों ने खींचा ध्यान

इस वर्ष गणेश प्रतिमाओं में भी काफी विविधता देखने को मिली। सेल्फी लेते हुए बप्पा, कॉफी पीते हुए, केक काटते हुए, मूषक पर कृष्ण रूप में बांसुरी बजाते हुए, ढोलकी बजाते हुए, बैलगाड़ी चलाते हुए और बालकृष्ण की तरह रेंगते हुए गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। विभिन्न मंडलों द्वारा धार्मिक और सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी तैयार की जा रही हैं।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने की पूजा

विधायक वसंत खंडेलवाल ने अपने निवास पर भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना कर स्थापना की। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य मदनलाल खंडेलवाल, लतादेवी खंडेलवाल, पुष्पा खंडेलवाल, गौरव खंडेलवाल, डॉ. सोनाली खंडेलवाल, सागर खंडेलवाल, अनीश खंडेलवाल, विवान और अचिका खंडेलवाल मौजूद रहे।

विधायक रणधीर सावरकर, सांसद अनूप धोत्रे सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी अपने-अपने स्थानों पर गणपति की पूजा-अर्चना की। इनमें रामप्रकाश मिश्र, जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, पूर्व महापौर मदन भरगड़ और विजय अग्रवाल, सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के अध्यक्ष एड. मोतीसिंह मोहता, महासचिव सिद्धार्थ शर्मा, कार्याध्यक्ष हरीश आलिमचंदानी, भाजपा जिलाध्यक्ष किशोर मांगटे पाटिल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश, पूर्व राकांपा शरद पवार गुट के जिलाध्यक्ष संग्राम गावंडे, राकांपा अजित पवार गुट के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा अंधारे और महानगराध्यक्ष विजय देशमुख सहित अन्य शामिल रहे।

सुरक्षा के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त

अकोला शहर में गणेशोत्सव को देखते हुए पुलिस ने अकोला शहर के साथ अकोट, मूर्तिजापुर और बालापुर में रूट मार्च किया। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किया गया है। ध्वनि प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए वाद्ययंत्रों और डीजे पर भी नजर रखी जा रही है।

सीईओ के चयन पर श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की सफाई, 11 अगस्त को इंटरव्यू में शामिल हुए थे जितेंद्र मिश्र

यूसीसी लागू करने के बयान पर चिराग पासवान का रिएक्शन, अमित शाह के बयान पर कहा- ड्राफ्ट सार्वजनिक हो

बिना कागज दिखाए उड़ गए इटली के तीन यात्री, गृह मंत्रालय ने बुलाई बैठक; IB चीफ भी होंगे मौजूद

UPI New Rule 2026: ₹2,000 तक के UPI और RuPay पेमेंट पर नहीं लगेगा कोई चार्ज, सरकार का नोटिफिकेशन जारी

हिंदी दिवस पर SC की नई पहल, जल्द लॉन्च होगा जन सूचना पोर्टल; हिंदी ऑडियो और वीडियो के जरिए जान सकेंगे फैसला