Akola Farmers Protest: सूखाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण करने अकोला जिले के दौरे पर पहुंचे राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के समक्ष शेतकरी जागर मंच ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। किसानों का 'सातबारा' खाली करने की मांग को लेकर संगठन ने मंत्री बावनकुले को खाली पत्र (कोरा) सौंपकर अपना विरोध जताया। इसके बाद मंत्री ने शेतकरी जागर मंच के पदाधिकारियों के साथ करीब 10 मिनट तक चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
राजस्व मंत्री बावनकुले शनिवार को अकोला जिले के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए दौरे पर हैं। दौरे से पहले उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं तथा विभिन्न मांगों से संबंधित निवेदन स्वीकार किए। इसी दौरान शेतकरी जागर मंच की ओर से खाली पत्र सौंपकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
शेतकरी जागर मंच के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर राजस्व मंत्री को निवेदन भी सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों का 'सातबारा' खाली करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस आश्वासन को पूरा नहीं किया गया है। आंदोलन के कारण कुछ समय तक परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही आंदोलन के बाद मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
अक्षय पाटिल ने कहा कि मुर्तिजापुर में हुए चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सार्वजनिक सभा में किसानों का 'सातबारा' खाली करने की बात कही थी। लेकिन 'सातबारा' खाली होने के बजाय किसान खाली हो गया है। इसी कारण राजस्व मंत्री को खाली पत्र दिया गया है। अब सरकार ही हमारे भविष्य को उस पर लिखेगी।"