Airoli Murder Case: नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में करीब 11 महीने पहले हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, एक विवाहित महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय बलिराम सूर्यनाथ कुशवाहा ऐरोली के यादव नगर में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। जांच में सामने आया कि उनकी पत्नी सुनीता कुशवाहा का घनसोली निवासी एक रिक्शा चालक राहुल दशरथ प्रजापति से कथित संबंध था। पुलिस का कहना है कि जब बलिराम को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया, जिससे घर में अक्सर विवाद होने लगा।
जांच के अनुसार, वारदात से पहले महिला ने अपने दोनों बच्चों को रिश्तेदार के घर भेज दिया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद महिला और उसके कथित प्रेमी ने बलिराम की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े किए गए।
नवी मुंबई पुलिस के मुताबिक, शव के हिस्सों को कपड़ों में लपेटकर रिक्शे के जरिए गवली देव क्षेत्र के जंगल में अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर फेंका गया। इसके बाद दोनों आरोपी लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचते रहे।
यह भी पढ़ें:- चेंबूर स्कूल बस हादसा: BMC जांच रिपोर्ट में ठेकेदार पर 5 लाख जुर्माने की सिफारिश, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
लगभग 11 महीने की जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, साक्ष्यों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।