अंजलि दमानिया व धनंजय मुंडे (सोर्स: सोशल मीडिया) 
महाराष्ट्र

अंजलि दमानिया को ACB ने भेजा समन, मुंडे पर लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप

महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एनसीपी के नेता धनंजय मुंडे के खिलाफ शिकायत के संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्हें दो दिन के भीतर पेश होने कहा गया है।

आकाश मसने

मुंबई: महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे के खिलाफ शिकायत के संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। दमानिया को दो दिन के अंदर अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने कहा गया है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि दमानिया को सोमवार को महाराष्ट्र एसीबी से पत्र मिला, जिसमें उन्हें दो दिन के भीतर अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। अधिकारी ने बताया कि एसीबी के अधिकारी मुंडे के खिलाफ लगाए गए दमानिया के आरोपों के संबंध में पूछताछ करेंगे।

क्या है मामला?

सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि ने पिछली महायुति गठबंधन सरकार के दौरान कृषि विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। तब धनंजय मुंडे राज्य के कृषि मंत्री थे। एसीबी के पत्र में दमानिया को मुंडे के खिलाफ शिकायत से संबंधित दस्तावेजों के साथ एसीबी के अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पत्र के अनुसार, अगर अंजलि दमानिया दो दिन के भीतर एसीबी के समक्ष उपस्थित नहीं होती हैं, तो यह माना जाएगा कि वह मुंडे के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत के बारे में कुछ नहीं कहना चाहती हैं।

अंजिल बुधवार होंगी एसीबी के सामने पेश

अंजलि दमानिया ने सोमवार देर रात अपने ‘एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में पत्र साझा किया और बताया कि वह बुधवार को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए एसीबी कार्यालय जाएंगी। दमानिया ने इस साल की शुरुआत में कृषि विभाग में 88 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था।

उन्होंने दावा किया था कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे भेजने के केंद्र सरकार के 2016 के निर्देश के बावजूद, राज्य के कृषि विभाग ने किसानों को वितरण के लिए उपकरण और उर्वरकों को बढ़ी हुई दरों पर खरीदा।

संतोष देशमुख हत्याकांड में भी लगे आरोप

बता दें कि बीड जिले के मसाजोग गांव के सरंपच संतोष देशमुख हत्याकांड में भी सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने एनसीपी नेता धनंजय मुंडे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। बढ़ते राजनीतिक दबाव के बाद धनंजय मुंडे ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

यूपी पुलिस को ही भंग कर सभी केस CBI को देने पड़ेंगे क्या? सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

कांग्रेस की एकला चलो नीति पर भड़के उद्धव ठाकरे! INDIA गठबंधन की बैठक में सुनाई खरी-खोटी, दी ये सलाह

CSR घाेटाला: महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के 8 ठिकानों पर ED की छापेमारी, फर्जी नेटवर्क का खुलासा

किसानों को मोदी कैबिनेट का बड़ा तोहफा, MSP में बढ़ोतरी की मंजूरी; ₹2.79 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

पंजाब में चिट्टे पर गरमाई सियासत! शाह का मान पर वार, बोले- पंजाब को नशा मुक्त करके रहेंगे